कलेक्टर ने कांसाबेल में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य का किया अवलोकन

Posted On:- 2022-05-06



जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर ने विगत दिवस कासांबेल विकासखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस अवसर पर एसडीओ राष्ट्रीय राजमार्ग संजय दिवाकर, क्रियान्वयन इकाई सहित अन्य अधिकारी कमर्चारी उपस्थित थे।

कलेक्टर अग्रवाल ने कासांबेल से पत्थलगांव व कासांबेल से कुनकुरी के मध्य सड़क निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की गति को बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके लिए निर्माण कार्य हेतु आवश्यक मिट्टी, मुरूम, फ्लाई ऐश और अन्य सामाग्री की पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने व सड़क सुरक्षा के मानक उपायों को अपनाने के लिए एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि जिन स्थानों पर खुदाई हो गई है वहां तेजी से निर्माण पूरा करें तथा जहां खुदाई नहीं हुई है, वहां गड्ढे की मरम्मत कराएं। साथ ही क्युरिंग कार्य, डीएलसी कार्य जैसे अन्य कार्य भी समांतर रूप से पूर्ण करने की बात कही। जिससे आवागमन लगातार संचालित हो सके और वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान कलेक्टर ने उक्त मार्ग पर निर्माणाधीन पुल-पुलियों, अंडरपास तथा रोड कंक्रीटिंग के काम का अवलोकन कर गुणवत्तापूर्वक निर्माण करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएच में दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में मार्किंग, साइन बोर्ड प्रदर्शित करने के लिए भी कहा।