कोरिया (वीएनएस)। कलेक्टर शर्मा व सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत सहित मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामेश्वर शर्मा व डीपीएम रंजना पैकरा ने टीबी और कोविड संक्रमण की कड़ी को तोड़ने के लिए पिरामल स्वास्थ्य के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर विकासखंडों के लिए रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि पिरामल स्वास्थ्य छत्तीसगढ़ और जिला क्षय नियंत्रण केन्द्र कोरिया के संयुक्त तत्वाधान में आश्वासन कैंपेन 100 दिनों तक चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत पिरामल स्वास्थ्य कार्यकर्ता विकासखंड के सभी गांवों में जाकर जागरूकता के लिए ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और सम्भावित टीबी मरीज का सेम्पल एकत्र कर जिला चिकित्सालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाने की पहल करेंगे, जिसके आधार पर टीबी रोगी की जांच और उपचार किया जाएगा। जिला कार्यक्रम समन्वयक क्षय उन्मूलन कार्यक्रम ने बताया कि पिरामल स्वास्थ्य के कार्यकर्ता कोरिया जिला के सभी ग्राम, पारा, टोला तक जाएंगे, जिसका लाभ ग्रामीणों को होगा। सम्भावित टी.वी. के लक्षण वाले व्यक्ति की बलगम जांच होगी और पॉजिटिव आने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा।