सीएम ने बच्चों के साथ गिल्ली डंडा का उठाया आनंद

Posted On:- 2022-05-06



अंबिकापुर (वीएनएस)। सीएम भूपेश बघेल का 90 विधानसभा क्षेत्र के दौरे का शुक्रवार को तीसरा दिन है। सीएम ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर क्षेत्र में जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में क्षेत्र के किसानों ने पटवारी की शिकायत करते हुए बताया कि वह हर काम के लिए रिश्वत लेता है। किसानों की शिकायत पर सीएम ने तत्काल ग्राम केन्वारी के हल्का पटवारी पन्नालाल सोनवानी को सस्पेंड कर दिया। वहीं वहां के बच्चों के आग्रह पर लोक खेल गिल्ली-डंडा का भी सीएम ने मजा लिया।

सीएम का विधानसभावार क्षेत्र का धुआंधार दौरा जारी है। शुक्रवार की सुबह रामानुजगंज में सीएम ने जिले के अधिकारियों से मुलाकात की और कहा कि आम जनता की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करें, पुलिस की कार्यशैली लोगों को न्याय दिलाने की हो। यहां से सीएम रघुनाथनगर पहुंचे।

यहां आयोजित जनचौपाल में क्षेत्र के किसानों ने ग्राम केन्वारी के हल्का पटवारी पन्नालाल सोनवानी की शिकायत की। किसानों ने कहा कि पटवारी हर काम के लिए पैसे लेता है, बिना पैसे लिए काम नहीं करता। यह सुनते ही सीएम ने पटवारी को निलंबित कर दिया

रघुनाथनगर में खुलेगा कॉलेज, वाड्रफनगर में बनेगा स्टेडियम

जनचौपाल के दौरान ही वहां के युवाओं ने रघुनाथनगर में कॉलेज खोलने की मांग की। युवाओं की मांग पर सीएम ने मुहर लगाते हुए कॉलेज खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही वाड्रफनगर में लिंक कोर्ट तथा स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की। सीएम ने रघुनाथनगर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। वहीं स्वास्थ्य केंद्र में नई एक्स-रे मशीन का उद्घाटन करने के बाद प्रसूता महिला को चेक प्रदान किया।