मुंबई (वीएनएस)। आईपीएल के प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी गुजरात टाइटंस को ब्रेबोर्न स्टेडियम में शुक्रवार को होने वाले मुकाबले में मुम्बई इंडियंस से सतर्क रहना होगा। गुजरात की टीम 10 मैचों में आठ जीत और 16 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है जबकि मुंबई नौ मैचों में एक जीत के साथ 10 टीमों में आखिरी स्थान पर है। गुजरात पिछला मैच हारकर और मुम्बई पिछला मैच जीतकर इस मुकाबले में उतरने जा रही हैं।
एक का विजयी रथ रुका, एक का हार का सिलसिला टूटा गुजरात को अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के हाथों 24 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था पंजाब ने गुजरात को 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन के सामान्य स्कोर पर रोकने के बाद 16 ओवर में दो विकेट पर 145 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल की।
वहीं पांच बार की चैंपियन मुम्बई इंडियंस ने लगातार आठ हार के बाद पिछले शनिवार को राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से पराजित कर आईपीएल में पहली जीत का स्वाद चखा था। राजस्थान ने 20 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाये जबकि मुम्बई ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर जीत हासिल की थी।दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड अभी मौजूद नहीं है क्योंकि दोनों ही टीम पहली बार आपस में भिड़ रही है।
हार्दिक पांड्या पहली बार मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने उतरेंगे, वो भी बतौर कप्तान। जिस रोहित शर्मा के अंडर में वह अब तक खेलते थे, अब उनके सामने ही कप्तानी करेंगे। ऐसे में उनका खेल देखना काफी रोचक होगा।