नारायणपुर (वीएनएस)। कलेक्टर रघुवंशी ने आज यहां नारायणपुर विकासखंड के छोटेडोंगर स्थित उप तहसील कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, राशन दुकान सहित गौठान व स्थानीय बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया।
उपतहसील कार्यालय में उपस्थित महिला समूहों से कलेक्टर ने बातचीत की। बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि वे मशरूम, सिलाई, सीमेंट पोल, पापड़, अचार बनाने के इच्छुक हैं। उन्हें प्रशिक्षण और शासन की योजनाओं के तहत सहायता मिलने पर इन सब कार्यों को भलिभांति कर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगी। इस पर कलेक्टर रघुवंशी ने इन महिला समूहों के प्रशिक्षण की व्यवस्था और शासन की योजनाओं के तहत उन्हें आर्थिक मदद प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला समूह की महिलायें यदि सहमत है, तो वे बिजली बिल कलेक्टशन और मीटर रीडिंग की जिम्मेदारी उन्हें दी जा सकती है। इस पर महिलाओं ने अपनी सहमति जताई। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के कायर्पालन अभियंता को निर्देशित करते हुए इन महिला समूहों को मीटर रीडिंग और बिजली बिल कलेक्शन की जिम्मेदारी देने के निर्देश दिये। बताया गया कि मीटर रीडिंग व कलेक्शन पर उन्हें विद्युत विभाग की ओर से निर्धारित राशि प्राप्त होगी।
कलेक्टर ने बातचीत के दौरान छोटेडोंगर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी निकासी के लिए नाली की सुविधा नहीं है। इसके अलावा कुछ हैंडपंप भी खराब हैं। इस पर कलेक्टर ने नाली निर्माण और हैंडपंप मरम्मत करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। ग्रामीणों ने बताया कि उनके राशन कार्ड बने है, तथा शासन द्वारा निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध हो रहा है। स्कूलों में शिक्षक समय पर आकर अध्यापन कार्य करते हैं और बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी मिलता है। ग्रामीणों की मांग पर छोटेडोंगर में पटवारी कार्यालय बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक पहुंचकर खाताधारकों से बातचीत की। खाताधारकों ने बताया कि बैंक द्वारा विीिान्न योजनाओं के तहत् प्राप्त राशि आदि की एंट्री खाते में समय पर नहीं की जा रही है। इससें उन्हें कठिनाई होती है। इस पर कलेक्टर ने एंट्री कार्य करने एवं खाताधारकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने बैंक को सुव्यवस्थित करने की भी बात कही।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण : कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने छोटेडोंगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत की। बताया गया कि मलेरिया के मरीज आ रहे हैं। इस पर उन्होंने फागिंग एवं दवाईयों के छिड़काव के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रसूति कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आवश्यक मरम्मत व रंग-रोगन के भी निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर रघुवंशी ने हास्पीटल स्टाफ से भी बातचीत की। स्टाफ के लोगों ने बताया कि जनपद पंचायत की ओर से निर्मित क्वाटर में वे अभी रह रहे है, जिनकी मरम्मत की आवश्यकता है। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल मरम्मत के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सक यहां स्थायी रूप से रहना सुनिश्चित करें और लोगों को सतत स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करायें। कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान का किया औचक निरीक्षण : कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी आज छोटेडोंगर पहुंचकर वहां संचालित उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत की। बातचीत में ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शासन की ओर से निर्धारित मात्रा में चावल, गुड़, चना, नमक आदि उपलब्ध हो रहा है। कलेक्टर रघुवंशी ने दुकान संचालक से कार्डों की संख्या, प्राप्त आबंटन, वितरण स्थिति आदि की भी जानकारी ली। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि राशन दुकान में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था तथा पेयजल की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय बाजार में शेड आदि डालने और उसे व्यवस्थित करने के भी बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी थेजस शेखर, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एसडीएम जितेन्द्र कुर्रे, सीएमएचओ डॉ बीआर पुजारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास संजच चंदेल, कायर्पालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी हरिमंगल सिंह, खाद्य अधिकारी हुलेश डडसेना के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।