निगम के कार्यपालन अभियंता को मेयर की फटकार

Posted On:- 2022-05-06



धमतरी (वीएनएस)। नगर निगम धमतरी में अधिकारियों की मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि लोगों को छोटे छोटे कामों के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं कुछ अधिकारी विकास कार्यों को भी समय पर पूरा नहीं करा पा रहे है। कार्यों की समीक्षा के बाद महापौर विजय देवांगन ने शुक्रवार को कार्यपालन अभियंता को जमकर फटकार लगाई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहर के कुछ वार्डों के पार्षदों ने महापौर विजय देवांगन के समक्ष शिकायत दर्ज कराया कि कुछ अधिकारी जानबूझ कर फाईलों को आगे बढऩे से रोक रहे हैं। कुछ अधिकारी नियमों को ताक में रखकर लोगों के लिए फरमान जारी कर रहे है। जिसका असर सत्ता पर बैठी कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर पड़ रहा है। ऐसे तमाम कार्यों की समीक्षा के बाद यह भी बाते सामने आई कि कार्यों की प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है तो वहीं कई जगहों पर निर्माण कार्य तो हो रहे हैं लेकिन धीमी गति से। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास कार्य के लिए लोगों का नाम स्वीकृत हुआ है लेकिन उन्हें समय पर वर्क आर्डर नहीं मिल रहा है। अधिकारियों को इन कार्यों को आगे बढ़ाने में दिलचस्पी नहीं है। जरूरतमंद निमग कार्यालय पहुंचकर जनप्रतिनिधियों को सामने अपना दुखड़ा सुनाते हैं। लगातार शिकायत मिलने पर महापौर विजय देवांगन ने कार्यपालन अभियंता को बुलाकर कुछ कार्यों की जानकारी मांगी।

जिन पर उनका रवैया पहले की तरह ही रहा। महापौर ने पार्षदों के समक्ष उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि अगर धमतरी नगर निगम में काम करना है तो वे यहां से अपना तबादलता करवा लें। आप लोगों के कारण ही वार्ड पार्षदों को आम जनता से सुनना पड़ता है। महापौर के इस फटकार का अधिकारियों पर कितना असर पड़ेगा यह तो आने वाले समय ही बतायेगा।