यहां दो मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, सात लोगों की जिंदा जलकर मौत, कई झुलसे

Posted On:- 2022-05-07



इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में बीती रात भीषण अग्निकांड हादसे में सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक इंदौर की स्वर्णबाग कालोनी की एक दो मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से यह मौतें हुई हैं जिनमें 6 पुरुष और एक महिला शामिल है। कई लोग इस हादसे में झुलस गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

खबर के मुताबिक आग लगने की घटना शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी रात की है। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।इसके बाद फायर ब्रिगेड ने आगू पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की। अग्निकांड कितना भयावह था इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि इस पर काबू पाने में तीन घंटे से ज्यादा का समय लग गया। घटना में जिंदा जले लोगों के शव एमवाई अस्पताल भेजे गए हैं। मारे गए लोगों में अधिकतर किराएदार बताए जा रहे हैं।

पार्किंग से शुरू हुई थी आग

विजय नगर पुलिस थाने के प्रभारी तहजीब काजी के मुताबिक, आग से प्रभावित रिहायशी इमारत से पांच लोगों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि 11 अन्य को घायल हालत में अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि आग की शुरूआत पार्किंग से हुई जहां वाहन खड़े थे। शॉर्ट सर्किट यहीं हुआ था जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते यह पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली की किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला है। कुछ लोग जिंदा जल गए तो कुछ की दम घुटने से मौत हो गई।