Google ने खत्म की जासूसी, अब थर्ड पार्टी ऐप को नहीं करने देगा कॉल रिकॉर्ड...

Posted On:- 2022-05-07



नई दिल्ली (वीएनएस)। स्मार्टफोन के जरिए कॉल रिकॉर्डिंग के अलग-अलग देशों में अलग-अलग नियम हैं लेकिन अब एंड्रॉयड का कर्ता धर्ता यानी Google एक स्थाई समाधान की ओर पहुंच गया है। गूगल (Google) ने अपने Android ऑपरेटिंग सिस्टम पर थर्ड-पार्टी कॉल रिकॉर्डिंग ऐप को बैन करने का फैसला लिया है। यह नियम 11 मई से लागू हो जाएगा। इसमें सबसे अहम है थर्ड-पार्टी ऐप से कॉल रिकॉर्डिंग को रोकना। अब आप किसी थर्ड पार्टी ऐप से कॉल रिकॉर्ड नहीं कर पाएंगे और न ही कोई ऐप अपनी मर्जी से आपकी कॉल को रिकॉर्ड कर पाएगा।

गूगल के इस फैसले का सीधा असर Truecaller जैसे ऐप्स पर पड़ेगा और अब इनके जरिए फोन कॉल रिकॉर्ड नहीं किए जा सकेंगे। यदि आपके फोन में डिफॉल्ट रूप से कॉल रिकॉर्डिंग का फीचर नहीं है, तब आपके लिए थोड़ी मुश्किल हो सकती है।

ये है सबसे आसान तरीका : अब ऐसे लोग जिनके लिए कॉल रिकॉर्डिंग बहुत जरूरी है। अब वह सोच रहे होंगे, कि आखिर अब कैसे कॉल रिकॉर्डिंग करेंगे। इसके बाद भी आप कॉल रिकॉर्डिंग आसानी से कर सकते है। आइए जानते हैं आपके पास क्या-क्या विकल्प हैं। सबसे पहले किसी भी नंबर को कॉल करें। अब आप मोबाइल के स्क्रीन पर ध्यान से देखें, आपको कॉलिंग रिकॉर्डिंग का आइकन दिखाई देगा। आप उस आइकन पर क्लिक करें, उस पर क्लिक करते ही कॉल रिकॉर्डिंग शुरू हो जाएगी। यदि आपको स्क्रीन पर कॉल रिकॉर्डिंग का विकल्प न दिखे, तो सेटिंग में जाएं. यहां कॉल सेटिंग में जाना होगा। कॉल सेटिंग में आपको रिकॉर्डिंग का विकल्प दिखेगा. उसे ऑन कर दें।