अंबिकापुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री इन दिनों विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। दौर के चौथे दिन वे सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिहारपुर पहुंचे। यहां भोपाल सिंह के घर जमीन पर बैठकर रोटी-चावल, दाल, भिंडी, करेला की भूजिया व लकड़ा की चटनी का आनंद लिया। वहीं पुलिस के 'हिम्मत' कार्यक्रम के तहत बालिकाओं के मलखम्भ, योगा व मार्शल आर्ट के गुण देखे। इससे पूर्व सीएम ने कुदरगढ़ में महुआ पेड़ के नीचे लगाए गए चौपाल में आर्थिक रूप से कमजोर विधवा महिला के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए 4 लाख रुपए की तत्काल सहायता राशि देने के निर्देश दिए।
सीएम भूपेश बघेल 90 विधानसभा क्षेत्र के दौरे के चौथे दिन सूरजपुर जिले के भटगांव विस पहुंचे। यहां कुदरगढ़ में उन्होंने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई विकास के निर्माण कार्यों की घोषणा की।
चौपाल में पहुंची आर्थिक रूप से कमजोर दिव्या कुशवाहा ने कहा कि उसके पति की आकस्मिक मृत्यु हो चुकी है। परिवार में 6 साल के बच्चे के अलावा कोई नहीं है। उसने सीएम से भरण-पोषण के लिए सहायता की मांग की। इस पर सीएम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश दिए।
बालिकाओं ने दिखाया मलखंभ, योगा व मार्शल आर्ट : बिहारपुर में पहुंचे सीएम ने सूरजपुर पुलिस ने बालिकाओं के सेल्फ डिफेंस के लिए चलाए जा रहे हिम्मत कार्यक्रम की सराहना की। यहां बालिकाओं ने उन्हें मलखंभ, योगा व मार्शल आर्ट दिखाए। इस दौरान बालिका सुनैना जायसवाल ने सीएम से कहा कि वह बड़ा होकर आईपीएस बनना चाहती है तो सीएम ने कहा कि इसके लिए अनुशासन जरूरी है।