रांची (वीएनएस)। झारखण्ड के खनन एवं भूविज्ञान विभाग की सचिव और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की करीबी मानी जाने वाली आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके करीबियों के खिलाफ दूसरे दिन भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई जारी है। जांच के क्रम में शनिवार सुबह-सुबह पूजा के पति अभिषेक झा के रांची स्थित पल्स हॉस्पिटल में ईडी के अधिकारी पहुंचे। साथ ही पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा इस मामले में देश के 11 ठिकानों पर ईडी की जांच जारी है।
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि सिंघल से जुड़े स्थानों से 19.31 करोड़ रुपये नकद बरामद होने के बाद ईडी ने शनिवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड सरकार की खान और भूविज्ञान सचिव पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार को गिरफ्तार किया है। ईडी ने कुमार के पास से आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए हैं। 19.31 करोड़ रुपये में से 17.51 करोड़ रुपये चार्टर्ड एकाउंटेंट सुमन कुमार के परिसर से बरामद किए गए हैं।
इससे पहले शुक्रवार को 16 घंटे तक चली इस कार्रवाई 19.31 करोड़ कैश के साथ ही करीब 150 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज भी मिले हैं। ईडी की टीम ने उनके रिश्तेदारों के घर पर भी छापा मारा है। ईडी जांच के क्रम में पूजा के ससुर कामेश्वर झा के मुजफ्फरपुर के घर, दिल्ली में रहने वाले उनके भाई और माता-पिता के यहां भी पहुंची। ईडी ने देश भर के 18 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। इसमें झारखंड में सबसे ज्यादा जगहों पर छापे पड़े हैं।
आईएएस पूजा सिंघल पर आरोप लगाया गया है कि वह अपनी मर्जी से रेत खनन के लिए ठेके अपने पसंद के ठेकेदारों को ही दे रही हैं। झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार ने यह शिकायत फरवरी 2022 में ईडी के पास दर्ज कराई थी। इसके साथ ही, ईडी खूंटी और छतरा जिलों में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अधिनियम (मनरेगा) में अनियमितताओं में सिंघल की संलिप्तता की जांच भी कर रही है। पूजा सिंघल साल 2000 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह पहले खूंटी जिले में उपायुक्त के रूप में तैनात थीं।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले में जल्दी ही कई और अधिकारियों पर ईडी कार्रवाई करेगी। इसमें सीएमओ के एक अफसर और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले निर्माण कार्य से जुड़े एक अधिकारी भी शामिल हैं।