मुंबई (वीएनएस)। महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर और हिंदुत्व के मुद्दे पर शुरू हुई सियासत का रुख अब अयोध्या हो गया है। दरअसल, पांच जून को महाराष्ट्र की राजनीति में लाउडस्पीकर मुद्दे की शुरुआत करने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे अयोध्या आ रहे हैं। वो यहां पर राम लला के दर्शन करेंगे और आशीर्वाद लेंगे। वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे भी इसके कुछ दिन बाद 10 जून को अयोध्या जाने वाले हैं। इसको देखते हुए महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि यूपी में भी राजनीति जोरों पर हो सकती है।