खुरसुरा गौठान पहुंचे सीएम बघेल, गतिविधियों का किया अवलोकन

Posted On:- 2022-05-08



रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूरजपुर जनपद के खरसुरा गौठान पहुंचकर मुर्गीपालन, बकरीपालन, मशरूम उत्पादन सहित वर्मी कम्पोस्टिंग कार्य का अवलोकन किया। महिला समूह की सदस्यों ने गौठानों को ग्रामीणों की आय का अतिरिक्त जरिया बनाने के लिए मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और आभार जताया।

खरसुरा गौठान की महिला सदस्यों ने बाड़ी में उगाई गई सब्जियों-खीरा, लौकी, भिंडी, प्याज और तरबूज से भरी टोकरियां मुख्यमंत्री को भेंट की। चर्चा के दौरान महिलाओं ने बताया कि गौठान में मुर्गीपालन, बकरीपालन, मशरूम उत्पादन से लेकर वर्मी कम्पोस्ट बनाने जैसी गतिविधियों में लगभग 40 महिलाएं काम कर रही हैं। इस गौठान में तालाब में मछलीपालन भी किया जा रहा है। अभी तक सभी गतिविधियों को मिलाकर लगभग 4 लाख रूपए का व्यवसाय किया है, जिसमें से सब खर्चा काटकर लगभग साढ़े 3 लाख रूपए का लाभ हुआ है।

महिलाओं ने बताया कि गौठान में गोबर खरीदी भी की जा रही है, अभी तक साढ़े तेरह लाख रूपए का गोबर खरीदा गया है। महिलाओं ने बताया-गोबर से एक हजार क्विंटल से अधिक वर्मी कम्पोस्ट बना है। जैविक खाद को बेचकर 3 लाख 70 हजार रूपए मिले हैं। मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों की तारीफ की, उन्होंने गौठान चलाने में आने वाली परेशानियों के बारे में भी पूछा।