मुंबई (वीएनएस)। आईपीएल 2022 में विराट कोहली का खराब फॉर्म जारी है। वह रन के लिए इस कदर जूझ रहे हैं कि सीजन में तीसरी बार गोल्डन डक का शिकार हो गए। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) मुकाबले में वह मैच की पहली गेंद पर आउट हो गए। जगदिश सुचित ने उन्हें पवेलियन भेजा। इससे पहले लखनऊ सुपरजायंट्स के दुष्मंथा चमीरा और हैदराबाद के मार्को येनसेन ने उन्हें गोल्डन डक पर आउट किया। लगातार दो मैचों में ऐसा हुआ था।
पूरे आईपीएल करियर की बात की जाये तो यह छठी बार है जब कोहली गोल्डन डक पर आउट हुए हैं। कोहली पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इस गोल्डन डक के साथ कोहली अपने एक और कीर्तिमान से चूक गए हैं। अगर वे इस मैच में एक रन बना लेते तो वे आईपीएल के इतिहास में 6500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाते।
कोहली आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने 2016 में चार शतक की मदद से एक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया था। तब टीम फाइनल तक पहुंची थी। बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में फाइनल में हैदराबाद से हारने के बाद आरसीबी उस सीजन में उपविजेता रही थी।