रायगढ़ (वीएनएस)। दावड़ा एजुकेशन कैम्पस ग्राम भेलवाडीह में प्रख्यात ज्योतिष और पंडित कान्हा शास्त्री के करकमलों से भव्य श्रीराम दरबार की प्राणप्रतिष्ठा रविवार को संपन्न हुई। प्राण प्रतिष्ठा के 3 दिनों पूर्व से ही वैदिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे, जिनसे पूरा अंचल वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो रहा था।
वैशाख शुक्ल चतुर्थी 5 मई गुरुवार को पंचांग पूजन, जल-यात्रा एवं ग्रामदेव पूजन का कार्यक्रम रखा गया। वैशाख शुक्ल पंचमी 6 मई को प्रातः 8:00 बजे से वेदीपूजन, जप-पाठ, जलाधिवास, अन्नाधिवास आदि अनुष्ठान प्रारंभ हो गए। वहीं वैशाख शुक्ल पक्ष षष्ठी 7 मई शनिवार को वेदीपूजन, पुष्पाधिवास, फलाधिवास, घृताधिवास, चंदनाधिवास के पश्चात मांगलिक शोभायात्रा ने नगर भ्रमण किया। वहीं गोधूलि बेला में शैयाधिवास वास संपन्न हुआ। वैशाख शुक्ल सप्तमी 8 मई रविवार को वास्तु पूजन के पश्चात कलश-शिखर, मूर्ति स्थापना, महाभिषेक तथा हवन पूर्णाहुति के पश्चात सहस्त्रधारा संपन्न हुई। वहीं श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों के लिए भंडारा-प्रसाद का आयोजन भी किया गया।
उल्लेखनीय होगा कि भव्य श्रीराम दरबार की स्थापना ग्राम भेलवाडीह अभनपुर में पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ पंडित कान्हा शास्त्री के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। वहीं इस कार्यक्रम का आयोजन चिन्मय फाउंडेशन मानव रचना एजुकेशनल सोसायटी के प्रमुख प्रकाश दावड़ा ने किया। कार्यक्रम में सेलिब्रिटी और नागरिककी विशेष उपस्थिति थे ।