भूपेश की छवि अब नायक की नहीं, खलनायक की बन रही है : बृजमोहन

Posted On:- 2022-05-09



रायपुर (वीएनएस)। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि अब नायक की नहीं खलनायक की बन रही है। वे अपनी सभाओं में लोगों को डांट रहे हैं, डपट रहें हैं। मुख्यमंत्री अपना आपा खो चुके हैं। महिलाओं को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। वास्तव में मुख्यमंत्री अभी तक अंधेरे में थे। हम पहले ही कह रहे थे कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। मुख्यमंत्री को अब उनके दौरे में पता चल रहा है। उन्हें अब अपना विरोध नहीं सुहा रहा है। उन्होंने अघोषित आपातकाल लगा दिया है। भाजपा आने वाले दिनों में जेल भरो आन्दोलन करेगी।

बृजमोहन अग्रवाल सोमवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल में भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो चुकी है। नरवा गरवा घुरवा बारी के गौठान के लिये डीएफओ को सस्पेंड करने से बड़ा उदाहरण नहीं हो सकता है। गोबर खरीदी में सिर्फ कांग्रेसियो से गोबर खरीदी की जा रही है। काँग्रेस अपने लोगों को उपकृत कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरी डोंगरी की कोयला खदान को अपने लोगों को दिलाने के लिये टेंडर तक नहीं भरने दिया गया है। श्री अग्रवाल ने राम-वनगमन व कृष्ण कुंज बनाने के मुद्दे पर कहा कि जो काँग्रेस प्रभु राम के अस्तित्व को नकारती थी, उनके जन्म स्थान और रामेश्वरम के पुल को नकारते थे। आज तुष्टिकरण नहीं चलने पर प्रभु राम की शरण में पहुंच गये हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार पहले राम वन गमन मार्ग तो बना लें। चन्दखुरी में 11करोड़ में मंदिर बनाया गया है जबकि 7.50 करोड़ इवेंट कम्पनी को दिए हैं जो काँग्रेसी नेता के परिवार की है। श्री अग्रवाल ने कहा कि इनकी हर योजना भ्रष्टाचार करने और खाने के लिए होती है। उन्होंने कहा कि प्रभु राम और भगवान कृष्ण के नाम की योजनाओं में पैसा खाना बंद करें।

श्री अग्रवाल ने कहा कि धरना स्थल को शहर से 20 किलोमीटर दूर करना लोकतंत्र के विरुद्ध है। यह आपात काल की याद दिलाता है। यह सरकार अपना विरोध सह नहीं पा रही है। धरना का मतलब ही जनता के बीच विरोध प्रदर्शन करना होता है। भाजपा आने वाले 30 दिनों में जेल भरो आन्दोलन करेगी।