आंगनबाड़ी केन्द्र चनार के बच्चों को मिला सरकारी योजना का लाभ

Posted On:- 2022-05-09



कांकेर (वीएनएस)। राज्य सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री बाल संदर्भ सेवा योजना के तहत महिला व बाल विकास विभाग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से जिले के कुपोषित बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।

नरहरपुर तहसील के महिला एवं बाल विकास विभाग सेक्टर अमोड़ा के ग्राम पंचायत चनार के 09 बच्चों का मुख्यमंत्री बाल संदर्भ सेवा योजना के लिए चयनित किया गया था, जिसके तहत कुपोषण उन्मूलन के लिए चयनित ग्राम पंचायत चनार में तीन आंगनबाड़ी केन्द्रों से तीन-तीन बच्चों को मुख्यमंत्री बाल संदर्भ सेवा योजना का लाभ दिया जा रहा है। जिन बच्चों का चयन किया गया है वे बच्चे मध्यम व गंभीर कुपोषित की श्रेणी में आ रहे थे। सरकार की ओर से संचालित बाल संदर्भ सेवा योजना और पोषण पुनर्वास केन्द्र के माध्यम से बच्चों को 15 दिवस भर्ती कराया गया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के माध्यम से विशेष देखभाल कर पौष्टिक आहार खिलाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा नियमित रूप से गृह भेंट कर माताओं और बच्चों को उनके खानपान में सुधार लाने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुपोषित बच्चों को समय-समय पर नि:शुल्क दवाई व टीकाकरण कराया गया, साथ ही इन बच्चों को जिले में संचालित किलकारी योजना का भी लाभ दिया गया, जिससे छ: माह की अवधि में 09 बच्चों में से 05 बच्चे सामान्य श्रेणी में आ गये हैं तथा शेष बच्चों के वजन में भी निरंतर सुधार हो रहा है। बच्चों के माता-पिता ने बताया कि यह योजना कुपोषित बच्चों के लिए वरदान साबित हो रहा है।