राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर

Posted On:- 2022-05-09



कलेक्टर ने फरसाबहार के एसडीएम, तहसील व जनपद कार्यालय का किया निरीक्षण

जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल ने आज विकासखंड फरसाबहार के एसडीएम, तहसील व जनपद कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कमर्चारियों को शासकीय कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने व अपने दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर अग्रवाल ने एसडीएम, तहसील कार्यालय के विभिन्न कक्षों, शाखाओं, रिकार्ड रूम सहित पूरे परिसर का मुआयना करते हुए राजस्व अभिलेखों व दस्तावेजों के रख-रखाव का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय में मौजूद कमर्चारियों और प्रभारी अधिकारियों को अपनी-अपनी शाखा के सभी रिकॉर्ड अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।राजस्व प्रकरणों का निराकरण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी लंबित राजस्व प्रकरणों को निर्धारित समयावधि में निराकृत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही कार्यालय में आने वाले आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने व उसका निराकरण करने के लिए कहा। जिससे आम जनता को लाभान्वित किया जा सके।

इसी प्रकार जनपद कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय के कमर्चारियों से उनके दायित्व एवं कार्यों की जानकारी ली। कार्यालय में ग्रामीणों के लिए आवश्यक सुविधाएं रखने व उनकी समस्याओं का शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया और परिसर को स्वच्छ रखने तथा साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व फरसाबहार श्री मोहम्मद शबाब खान, जनपद सीईओ श्री धनेश कुमार टेंगवार, सहित अन्य अधिकारी कमर्चारी उपस्थित थे।