
नारायणपुर (वीएनएस)। शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी की ओर से कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में जनदर्शन का आयोजन हुआ, जिसमें जिले के अंदरूनी गांवों से आये ग्रामीणों ने अपनी मांग व समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। प्राप्त आवेदनों में मुख्यत: बैटरी से चलने वाले रिक्शा, जमीन संबंधी, देवगुड़ी निर्माण, विद्युत पोल हटाने, मजदूरी भुगतान, राशन कार्ड, बी-1 में सुधार और विद्युत कनेक्शन आदि शामिल है। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता और गंभीरता से विचार करते हुए इनके निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।
जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में सुखदेव उसेण्डी ग्राम नेडनार ने विलंब से आवेदन प्राप्त होने संबंधी आवेदन दिया। वहीं रैनूराम कुमेटी ने बैटरी से चलने वाला रिक्शा, चैतराम ग्राम तेरदुल ने जमीन संबंधी, कुलेश्वर करंगा ने अंगारबती माता देवगुड़ी निर्माण के लिए, हराबती ध्रुव नारायणपुर ने भूमि में विद्युत विभाग की ओर से लगाये गये पोल को अन्यत्र लगाने, समस्त ग्रामवासी करमरी ने रोजगार गांरटी अंतर्गत किये काम की मजदूरी भुगतान, मुनित सलाम ग्राम बोरण्ड ने राशनकार्ड बनाने, लव देवांगन ने बी-1 में सुधार और कुमारी योगिता निषाद बखरूपारा ने विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।