प्रभारी सचिव ने किया विभिन्न कार्यों का निरीक्षण

Posted On:- 2022-05-09



बालोद (वीएनएस)। जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद आज जिले के भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यों का निरीक्षण कर जायजा लिया। कलेक्टर जनमेजय महोबे इस अवसर पर उनके साथ थे। उन्होंने गुरूर विकासखंड के ग्राम अरमरीकला के गौठान का जायजा लिया। गौठान परिसर में आरती महिला स्वसहायता समूह की ओर से निर्माण किए जा रहे सैनेटरी पैड का अवलोकन किया।

उन्होंने समूह की महिलाओं से चर्चा कर कहा कि सैनेटरी पैड के पैकेजिंग को और अधिक आकर्षक बनाए। उन्होंने समूह के आय संवर्धन के लिए उन्हें मार्गदर्शन भी दिए। प्रभारी सचिव ने गौठान में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, विक्रय और आमदनी की जानकारी ली। उन्होंने वहां सामुदायिक बाड़ी में स्वसहायता समूहों की ओर से किए जा रहे सब्जी फसल उत्पादन का अवलोकन किया और स्वसहायता समूहों की सदस्यों से चर्चा कर नियमित रूप से सब्जियॉ उत्पादन कर आय अर्जित करने प्रोत्साहित किया।

प्रभारी सचिव ने जिला मुख्यालय के समीप स्थित बालोद बाजार रिटेल शॉप में ग्रॉसरी, बांस शिल्प, मिट्टी शिल्प, हैंडलूम आदि सामग्रियों का अवलोकन किया। उन्होंने जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन सी-मार्ट का भी अवलोकन किया और कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आमापारा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां क्लासरूम, स्मार्ट क्लास, लायब्रेरी, प्रयोगशाला, आॅडिटोरियम आदि का अवलोकन किया। उन्होंने लायब्रेरी में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से चर्चा कर उन्हें लक्ष्य प्राप्त करने मार्गदर्शन दिए।