बैठक में कलेक्टर ने की जनसंवाद शिविर के कार्यों की समीक्षा

Posted On:- 2022-05-10



गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (वीएनएस)। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने मंगलवार को आज कलेक्टोरेट परिसर के अरपा सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक ली है। बैठक में कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को बसों का ठहराव बस स्टैंड तथा चिन्हांकित जगहों पर कराए जाने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिले के सभी विकासखंड में अलग-अलग तिथियों में आयोजित किए जा रहे प्रशासन आपके द्वार जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त मांग, शिकायत, कुल निराकृत आवेदन तथा लंबित आवेदनों के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित आवेदनों का जल्द से जल्द से निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी पात्र नागरिकों से बूस्टर डोज लगवाए जाने की अपील की है।

बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकायों में भी प्रशासन आपके द्वार जनसंवाद शिविर आयोजित किए जाने के लिए मुख्य नगर पंचायत अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर उपलब्ध कराने कहा। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में किशोरी बालिकाओं और बालको के लिए दुलारी लक्ष्मी विशेष अभियान को 15 जून तक बढ़ाया गया है। कलेक्टर ने जिले में संचालित वैक्सीनेशन कार्यों की जानकारी ली तथा शिक्षा विभाग को 15 से 18 वर्ष के बच्चों के वैक्सीनेशन रजिस्टर की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने जिले में हाट बाजार क्लीनिक योजना के लिए बनाए जा रहे शेड का निर्माण मल्टीपल उपयोग के आधार पर करने कहा। उन्होंने जिले में 4 से 10 वर्ष के दृष्टिबाधित बच्चों को चिन्हांकित करते हुए समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग को जानकारी उपलब्ध कराने कहा। गोधन न्याय योजना के व्यवस्थित संचालन के लिए पंचायत तथा कृषि विभाग को गौठानों का नियमित निरीक्षण करने कहा। उन्होंने गौठानों में मल्टी एक्टिविटी के लिए नेपियर रूट प्रोडक्शन तथा लेमन घास लगाए जाने के कार्ययोजना की जानकारी ली तथा विभिन्न गौठानों में प्रस्तावित मल्टी एक्टिविटी कार्यों पर जोर देने कहा और गौठानों में ऐसे समूह जिनके भुगतान लंबित हैं उनका भुगतान जल्द से जल्द कराए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बिना अनुमति जिला मुख्यालय से बाहर रहने वाले अधिकारियों पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर द्वारा बैठक में पीएमओ पोर्टल, मुख्यमंत्री जनशिकायत, कलेक्टर जन चौपाल तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई तथा लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण किए जाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में नामांतरण, बंटवारा, मुआवजा भुगतान, पेंशन भुगतान, अवैध कब्जा हटाने, जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर बी.सी. एक्का, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अर्चना झा, परियोजना निदेशक जिला पंचायत आर.के. खूंटे, संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रारोड पुष्पेंद्र शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मरवाही देव सिंह उइके सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।