राजस्व के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्वक निराकरण करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-05-10



धमतरी (वीएनएस)। राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्टर एल्मा के अध्यक्षता में आज आयोजित की गई। इसमें उन्होंने राजस्व के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सीमांकन, विवादित व अविवादित नामांतरण, बंटवारा जैसे महत्वपूर्ण मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज दोपहर 3.00 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए विवेकपूर्ण ढंग से मामलों को निराकृत करने तथा सभी प्रकरणों की आॅनलाइन एंट्री आवश्यक रूप से करने की बात कही। साथ ही आमजनता से जुड़े मामलों को गम्भीरता से निबटारा करने के लिए उन्होंने निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने मुआवजा प्रकरणों की जानकारी लेते हुए ऐसे मामलों को प्राथमिकता से निबटारा करने के लिए निर्देशित किया।

इस दौरान उन्होंने दो साल तथा उससे अधिक समय से तहसीलों में लंबित प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द निराकृत करने के निर्देश सभी राजस्व अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने भूमि अधिग्रहण के उपरांत मुआवजा के लंबित प्रकरणों का भी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निबटारा करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने राजस्व अधिकारियों की समस्याओं से रू-ब-रू होते हुए यथासंभव निराकरण करने तथा शासन स्तर की समस्याओं के निराकरण के लिए संभागायुक्त को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम ऋषिकेश तिवारी, संयुक्त कलेक्टर कृपाल सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार मौजूद थे।