रायपुर (वीएनएस)। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 10 मई की स्थिति में प्रदेश की पाॅजिटिविटी दर 0.07 प्रतिशत है। आज प्रदेश भर में हुए 4 हजार 588 सैंपलों की जांच में 03 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं 6 मरीज़ स्वस्थ होने के उपरांत डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में अब कुल 34 मामले सक्रिय हैं।
आज रायपुर, धमतरी और जशपुर में 1-1 कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है। शेष 25 जिलों में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है। 16 जिले कबीरधाम, बेमेतरा, बालोद, गरियाबंद, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर एवं बीजापुर में कोरोना के सक्रिय मरीज नहीं है। वहीं 12 जिले दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद, कोरबा एवं जांजगीर-चांपा में 1-1, धमतरी, रायगढ़ एवं बस्तर में 2-2, जशपुर में 3, बिलासपुर में 5 तथा रायपुर में कोरोना के 14 मामले सक्रिय हैं।