आईपीएल 2022 : प्लेऑफ में बने रहने के लिए दिल्ली का जीतना जरुरी

Posted On:- 2022-05-11



मुंबई (वीएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स इस सीज़न के इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के अपने अगले गेम में आज बुधवार को एक-दूसरे का सामना करेंगे। ऋषभ पंत की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल पूरी तरह से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत पर ध्यान केंद्रित करेगी, जो अंक तालिका में बेहतर स्थिति में हैं।

पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल (IPL) प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के लिये बुधवार को राजस्थान रॉयल्स को हराने के इरादे से उतरेगी जबकि रॉयल्स जीत की लय को कायम रखना चाहेंगे। दिल्ली ने 11 में से छह मैच गंवाये हैं और अंकतालिका में पांचवें स्थान पर होने के बावजूद उनकी प्लेआफ की राह उतनी आसान नहीं है। सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के इतने ही मैचों में दस अंक है।

दिल्ली का नेट रन रेट प्लस 0.150 है लेकिन उसे अगले तीनों मैच जीतने होंगे। दूसरी ओर राजस्थान 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है और उसे क्वालीफाई करने के लिये दो ही अंक की जरूरत है। उसका रनरेट भी प्लस 0.326 है जो आखिरी गणना में उपयोगी साबित हो सकता है।

रॉयल्स के पास टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण है। युजवेंद्र चहल 14.50 की औसत से 22 विकेट ले चुके हैं। रविचंद्रन अश्विन , ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। रॉयल्स के लिये सबसे अच्छी बात यह है कि जोस बटलर पर अति निर्भरता नहीं रही है। यशस्वी जायसवाल ने पंजाब के खिलाफ अर्धशतक जमाया। संजू सैमसन और देवदत्त पडिक्कल को बेहतर पारियां खेलनी होगी।