उपभोक्ताओं के शिकायतों का हो तत्काल निराकरण : अंकित आनंद

Posted On:- 2022-05-11



बिजली बिल संबंधी शिकायतों का अधिकारी करें निराकरण

नारायणपुर (वीएनएस)। ऊर्जा विभाग के सचिव अंकित आनंद ने कोंडागांव और नारायणपुर जिले के विद्युत विभाग के अधिकारियों की कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी उपस्थित थे। अंकित आनन्द ने विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण व निर्बाध विद्युत सुविधाएं उपलब्ध हो। उन्होंने बारी बारी से सभी फील्ड अधिकारियों से फील्ड से सबंधित समस्याओं की जानकारी ली और निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कायर्पालन संचालक भीमसिंह कंवर, कायर्पालन अभियंता जगदलपुर एसके ठाकुर, अधीक्षण अभियंता कांकेर सीएस मरकाम, कायर्पालन अभियंता बीएस राजपूत, कायर्पालन अभियंता नारायणपुर मिलिंद पाण्डेय, कायर्पालन अभियंता कोण्डागांव मुकेश शुक्ल के अलावा विद्युत व क्रेडा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आनंद ने जिले में स्थापित विद्युत उपकेन्द्रों की क्षमता, उनका विस्तार क्षेत्र, कार्यरत मैदानी अमला, वाहन की उपलब्धता की जानकारी ली। इसके साथ ही कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग का कार्य महत्वपूर्ण है, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति में आने वाली दिक्कतों को प्राथमिकता से दूर करायें।