बहुमंजिला पीएम आवास निर्माण को विधि सम्मत करने विपक्ष ने आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया

Posted On:- 2022-05-11



धमतरी (वीएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दानीटोला में निर्माणाधीन बहुमंजिला 407 नाग आवास का काम अधर में लटक गया है जिसमें कार्य करने वाले ठेकेदार को न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद कार्यारंभ आदेश दिया गया था।

जिस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए विपक्ष के पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा की अनुगवाई में आयुक्त मनीष मिश्रा को ज्ञापन दिया। उन्होंने ध्यान आकृष्ट कराया कि जब ठेकेदार न्यायालय के आदेश से कार्य प्रारंभ करता है। तो बिना उनकी जानकारी के कार्य को छोड़ भी नहीं सकता। इसलिए नई प्रक्रिया अपनाकर अनावश्यक विलंब ना कर उक्त आदेश का हवाला देते हुए वही ठेकेदार से कार्य को पूरा करते हुए हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जाए।

जिससे अनावश्यक समय, अनावश्यक पैसा तथा अन्य चीजों की बर्बादी रुक जाएगी। रोहरा ने कहा कि समय रहते ही पूरी प्रक्रियाओं के साथ इस ओर ध्यान दिया गया होता तो आज बहुमंजिला इमारत बनकर लोगों को आवंटित भी हो जाता है। महिला पार्षद श्यामा साहू ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी कर्मचारियों की अकर्मण्यता, निष्क्रियता, लापरवाही का खामियाजा शहर की जनता भोग रही है जिसके कारण बार-बार स्टेशनपारा के रहवासियों सहित प्रधानमंत्री योजना के लाभार्थियों के आक्रोश का सामना निगम के जनप्रतिनिधियों को करते हुए शर्मिंदगी महसूस करने के लिए बाध्य होना पड़ता है।

आयुक्त से मिलकर अविलंब कार्य को प्रारंभ कर पूरा करने की मांग करने वालों में पूर्व सभापति राजेन्द्र शर्मा, धनीराम सोनकर,  बिशन निषाद ,दीपक गजेंद्र, श्यामलाल नेताम  प्रकाश सिन्हा, हेमंत बंजारे, विजय मोटवानी, अज्जू देशलहरे, मिथिलेश सिन्हा ,ईश्वर सोनकर , प्राची सोनी ,सरिता असाई, श्यामा साहू, सुशीला तिवारी, रश्मि  त्रिवेदी , नीलू डागा, रितेश नेताम शामिल हैं।