कुनबी समाज के चिकित्सा परामर्श भवन के लिए विधायक शर्मा ने की 5 लाख देने की घोषणा

Posted On:- 2022-05-11



रायपुर (वीएनएस)। छग प्रदेश कुनबी समाज महासंघठन छत्तीसगढ की प्रदेश स्तरीय महापंचायत की बैठक राजधानी स्थित वृंदावन हॉल में रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुई। बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें प्रमुख रूप से गोंदवारा में धर्मार्थ चिकित्सा परामर्श एवं परिक्षण केंद्र बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। समाज के हित मे 15 अगस्त से मृत्यु भोज को बंद करने, ब्लड डोनेशन के लिए एक समिति बनाने, विवाह योग्य युवक युवती की विस्तृत जानकारी के लिए सदस्यता की अनिवार्यता, सामाजिक कार्यक्रम के दिन किसी सदस्य को निजी कार्यक्रम नहीं रखने प्रस्ताव पारित किया गया है। जिसमे सभी उपस्थित सदस्यों ने सहमति दी। साथ ही छत्तीसगढ प्रदेश कुनबी समाज द्वारा एक मंच के तत्वावधान में कार्य करने व प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में एकसाथ चलते रहने पर सहमति बनी। अन्य जिलों में सजातीय बंधुओं को एकजुट कर नई शाखाओं के निर्माण के लिए कार्य पर सहमति बनाई गई।

प्रदेश अध्यक्ष रंजीत भाऊ मुनेश्वर ने अपने वक्तव्य में सामाजिक सेवा मनुष्य का प्रथम कर्तव्य की भावना जगाते हुए समाज के सभी लोगों से गोंदवारा में धर्मार्थ चिकित्सा परामर्श एवं परिक्षण केंद्र के निर्माण के लिये आर्थिक सहयोग की अपील की। रायपुर ग्रामीण के विधायक सत्यनारायण शर्मा से भी अनुदान का आग्रह किया।

विधायक शर्मा ने अपने उद्बोधन में इस धर्मार्थ चिकित्सा परामर्श एवं परिक्षण केंद्र के लिए 5 लाख रुपये तत्काल देने की घोषणा की और जून माह में इस केंद्र का भूमिपुजन कर कार्य प्रारंभ करने के लिए मंजूरी दी। छत्तीसगढ़ कुनबी समाज महापंचायत में सभी सदस्यों ने इस सहयोग के लिए विधायक शर्मा को धन्यवाद देते हुए, आभार व्यक्त किया।

इस महापंचायत में प्रदेश कुनबी समाज महासंघठन छत्तीसगढ की सभी जिला शाखाओं के पदाधिकारी, महिला मंडल पदाधिकारी व प्रदेश संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रंजीत भाऊ मुनेश्वर ने की। अतिथि के रूप में प्रदेश संरक्षक गिरधर राऊत, एस एस ब्राम्हणकर, जे एन गोंधुळे, प्रदेश संरक्षक सदस्य दानेश्वर रावत, महिला मंडल अध्यक्षा सारिका गेडेकर, हर्षदा टिचकुले उपस्थित थे।