नरहरपुर विकासखण्ड में आयोजित जनचौपाल में समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण

Posted On:- 2022-05-12



  कांकेर (वीएनएस)। संसदीय सचिव एवं कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिशुपाल शोरी, जिले के कलेक्टर चन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा की उपस्थिति में नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम अमोड़ा, बादल एवं सरोना में जन चौपाल लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में ग्रामीणों से पूछताछ किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उचित मूल्य की दुकान से राशन का वितरण, मनरेगा मजदूरी का भुगतान, फसल बीमा क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान, पेयजल की समस्या एवं जल जीवन मिशन के कार्य, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान अंतर्गत कुपोषित बच्चो एवं गर्भवती व पोषक माताओं को पौष्टिक गर्म भोजन का वितरण, आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन, विशेष ग्रामीण सचिवालय में प्राप्त आवेदन और उनका निराकरण इत्यादि की जानकारी ली गई तथा ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर चन्दन कुमार ने कहा कि गांव की कोई विशेष समस्या हो तो भी उसे बतायें।

जनचौपाल को संबंधित करते हुए संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी ने कहा कि जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ यहॉ उपस्थित हैं, आप अपनी समस्या एवं शिकायत से उन्हें अवगत कराये ताकि उनका निराकरण किया जा सकें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विभिन्न योजनायें संचालित की जा रही है, जिसका लाभ उठायें। उन्होंने कहा कि हमारे जिले में ग्रामीण सचिवालय भी बहुत अच्छे ढंग से आयोजित की जा रही है, जिसे अन्य जिले भी क्रियान्वित कर रहें है। ग्राम अमोड़ा में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों की मांग पर संसदीय सचिव शोरी द्वारा ग्राम रिसेवाड़ा के वार्ड क्रमांक-01 मे सीसी सड़क बनाने तथा अमोड़ा लेम्पस के सामने टीन शेड बनाने की घोषणा की गई।

कलेक्टर चन्दन कुमार द्वारा ग्रामीणों से रूबरू चर्चा करते हुए विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। अमोड़ा मे नल जल योजना के मोटर पंप खराब होने की जानकारी मिलने पर दो दिवस के भीतर नया पंप लगाने के लिए ग्राम पंचायत के सचिव को निर्देशित किया गया। डोंगरीपारा में बोर धसने की शिकायत मिलने पर उसकी जांच करने के लिए पीएचई के अधिकारी को निर्देश दिये गये। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की क्षतिपूर्ति राशि वितरण की जानकारी लेने पर बताया गया कि अमोड़ा के 218 किसानों को 46 लाख रूपये की फसल बीमा राशि स्वीकृत किया गया है। वन अधिकार मान्यता पत्रधारी हितग्राहियों को किसान विकास पुस्तिका प्राप्त नहीं होने की शिकायत मिलने पर पटवारी को कारण बताओं नोटिस जारी करने तथा एक सप्ताह के भीतर संबंधित हितग्राहियों को किसान विकास पुस्तिका प्रदाय करने के निर्देश दिये गये। जनचौपाल में किसानों को वर्मीकम्पोस्ट का अग्रिम उठाव करने की समझाईश भी दी गई। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि आपके बीच आकर बहुत अच्छा लग रहा है, आप अपनी बात निःसंकोच रखे। पुलिस से संबंधित कोई भी शिकायत अथवा समस्या हो तो उसे बताये, पुलिस प्रशासन द्वारा उनका निराकरण किया जायेगा।

ग्राम बादल में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर उसके निराकरण के लिए नलजल योजना के विद्युतिकरण हेतु तीन विद्युत पोल अविलंब लगाने के निर्देश दिये गये। ग्राम बादल में आवर्ती चराई अंतर्गत गौठान बनाने तथा वहॉ गोबर की खरीदी शुरू करने एवं पशुधन के लिए पैरा, पानी, कोटना इत्यादि की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया। ग्राम बादल के साप्ताहिक बाजार में हाट-बाजार क्लीनिक योजना अंतर्गत मरीजों की उपचार की जानकारी भी ली गई। संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जन चौपाल में लोगों से रूबरू चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली जा रही है और उनका निराकरण भी किया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने ग्राम बादल में लेम्पस गोदाम सह ऑफिस निर्माण कराने के लिए घोषणा किया। ग्राम सरोना में आयोजित जनचौपाल में समस्याओं का निराकरण करते हुए सरोना के भर्रीपारा में पेयजल समस्य को दूर करने एवं 01 विद्युत पोल लगाने, ग्राम सारण्डा में सड़क के मध्य लगे हुए विद्युत पोल को हटाने के निर्देश दिये गये, साथ ही पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के लिए भी निर्देशित किया गया। संसदीय सचिव शोरी द्वारा सरोना में एक सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा भी की गई। जन चौपाल में जनपद पंचायत नरहरपुर के अध्यक्ष श्रीमती संजू लता नेताम, जिला पंचायत सदस्य हेमलाल मरकाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, एसडीएम कांकेर धनंजय नेताम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।