सब इंजीनियर से लूट के पांच आरोपी गिरफ्तार, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे...

Posted On:- 2022-05-12



कांकेर (वीएनएस)। मिनीस्टेडियम में सब इंजीनियर के साथ लूट करने वाले पाँचों आरोपियों को दबोचने में कांकेर पुलिस को सफलता मिली है । पुलिस ने आरोपियों को थाने से उनके घर टिकरापारा तक पैदल ले गए और घर से गुप्ती को जब्त करवाया। पुलिस ने पाँचो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया , जहाँ से उनको न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया ।

कोतवाली थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि 10 मई मंगलवार को सब इंजीनियर उमेश ठाकुर ने लिखित शिकायत किया था कि लोक निर्माण विभाग के द्वारा नए बस स्टेण्ड के सामने मिनी स्टेडियम में निर्माण कार्य चल रहा है और रात को पुराने भवन को तोड़ने में निकली सामग्री को बॉयज हॉस्टल भेजने के लिए काम चल रहा था। उसी दौरान पाँचो आरोपी राजू , बाटी , दिलीप , कांता , उमेश रात को आकर सब इंजीनियर से बहस करने लगे। सब इंजीनियर ने बताया कि शासकीय कार्य करवा रहा हूँ , व्यवधान न डाले। इसके बाद आरोपी नहीं माने । सब इंजीनियर व वहाँ पर काम कर रहे अन्य दो मजूदरों के साथ मारपीट किया और सब इंजीनियर की सोने की चेन, उनकी जेब से पैसे व मजदूरों की जेब से पैसा निकाल लिया था। आरोपियों में एक युवक गुप्ती नुमा हथियार लेकर डरा रहा था ।

सब इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने 10 मई को पाँचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया था । कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को तलाश करते हुए पहले चार आरोपियों को दबोचा और उसके बाद पाँचवे आरोपी को धर दबोचा । आरोपियों के गुंडागर्दी को कम करने के दृष्टिकोण और सामान जप्ती को लेकर कोतवाली पुलिस की टीम आरोपियों को हथकड़ी लगाकर कांकेर थाना से पैदल लेते हुए टिकरापारा उनके घर तक ले गए और डराने के लिए उपयोग में लाई गई गुप्ती को आरोपी उमेश के घर से जप्त किया। सब इंजीनियर से लूटी गई चैन को भी आरोपियों से जप्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि पाँचो आरोपी मिनी स्टेडियम में पुराना बीईओ आफिस को तोड़ने से जो लोहे के राड व अन्य सामान निकले थे, उनको चोरी करने की योजना बनाई थी। सब इंजीनियर उस सामान को रात में ही ले जाने का निर्देश दिया, उसके चलते गुस्से में आकर आरोपियों ने सब इंजीनियर के साथ मारपीट कर दिया । पुलिस ने बताया कि आरोपी राजू और बाटी के खिलाफ में कोतवाली थाना कांकेर में मारपीट करने व लूटपाट करने के कई अपराध दर्ज है।