कोण्डागांव (वीएनएस)। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने बुधवार को जिले के इको पर्यटन सर्किट के केंद्र बिंदु माने जाने वाले टाटामारी इको पर्यटन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टाटामारी की सुंदरता को देखते हुए यहां पर्यटन की अपार संभावनाओं के प्रयोग हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए टाटामारी में रेस्ट हाउस नवीनीकरण हेतु किए जा रहे कार्यों एवं टाटामारी के मनमोहक दृश्यों की सराहना की। जिसमें कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा द्वारा मुख्य सचिव को टाटामारी के विस्तार एवं इसके प्रचार हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए जिले में स्थानीय ग्रामीणों को लेकर बनाए जा रहे पर्यटन समूह के संबंध में बताया जिस पर मुख्य सचिव द्वारा समूह के कार्यकलापों की सराहना करते हुए पर्यटन समूह के सदस्यों से चर्चा भी की गई। इसके साथ ही मुख्य सचिव द्वारा पर्यटन समिति के सदस्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए नवीन टी शर्ट का भी सदस्यों को वितरण किया।
पेड़ के नीचे मुख्यसचिव ने लगाई चौपाल
इसके पश्चात वे मुरनार स्थित गोठान पहुंचे। जहां उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे गोपालन एवं अन्य गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए इस संबंध में महिलाओं से चर्चा की। चर्चा के दौरान मुख्य सचिव द्वारा समूह को प्रोत्साहित करते हुए गोठान से प्राप्त आय के संबंध में जानकारी ली गई। जिसमें महिलाओं द्वारा गोपालन के पश्चात आर्थिक रूप से सुदृढ़ता आने के बारे में बताया। जिस पर मुख्य सचिव द्वारा महिलाओं को सीमित गतिविधियों तक बंधे रहने के अलावा अन्य नवाचारी गतिविधियों को भी गौठान के माध्यम से संचालित करने को कहा। इस दौरान महिलाओं द्वारा गायों की खरीदी में सब्सिडी तथा कुछ नवीन गतिविधियों हेतु मशीनों की खरीदी के लिए ऋण की मांग की गई। जिस पर कलेक्टर द्वारा जल्द से जल्द मशीनें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
लिमदरहा मिडवे रिसोर्ट का किया आकस्मिक अवलोकन
इसके बाद वे लिमदरहा स्थित मिडवे रिजॉर्ट पहुंचे जहां उन्होंने यात्रियों की सुविधा हेतु बनाए गए टॉयलेट ब्लॉक, रेस्टोरेंट्स, दुकानों एवं रिजॉर्ट का अवलोकन किया। जहां मुख्य सचिव द्वारा लिमदरहा के प्रचार हेतु यात्री बसों के रुकने हेतु पार्किंग एवं आस पास यात्रियों के लिये पेट्रोल पंप स्थापना के लिए कहा। लिमदरहा की खूबसुरती देखते हुए इसे राज्यस्तर पर पर्यटन मानचित्र पर अंकित कराने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम डीडी मंडावी, कार्यपालन अभियंता आरईएस अरुण शर्मा, सीईओ जनपद केशकाल एस नाग, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, एसडीओ सचिन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।