आयुर्वेदिक कॉलेज के ओपीडी में हो रहा मानसिक स्वास्थ्य का परीक्षण

Posted On:- 2022-05-12



रायपुर (वीएनएस)। शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय चिकित्सालय रायपुर व बिलासपुर में प्रत्येक शुक्रवार को विशेष मानसिक स्वास्थ्य ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। आयुष संचालनालय के सहायक संचालक डॉ. विजय साहू ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को संचालित इस विशेष ओपीडी में मानसिक समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों को आयुर्वेद के माध्यम से उपयुक्त उपचार एवं स्वस्थ जीवन शैली सम्बंधित मार्गदर्शन निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। आवश्यकता अनुसार मरीजों को पंचकर्म सेवाएँ भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय चिकित्सालय रायपुर एवं बिलासपुर में 1 अप्रैल से प्रत्येक शुक्रवार यह विशेष ओपीडी संचालित कर मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित मरीजों की निःशुल्क जाँचकर उपचार प्रदान किया जा रहा है। अब तक इस विशेष ओपीडी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे 136 मरीजों को निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया है |