धमतरी (वीएनएस)। सदर उत्तर वार्ड में स्थित सर्व सुविधायुक्त जिम की लाइट पिछले तीन माह से बंद होने से युवाओं को फिटनेस के लिए अन्य साधनों का उपयोग करना पड़ रहा है
समिति बनाकर नए मीटर के लिए एनओसी के लिए निगम पार्षद का सहयोग सही ढंग से नहीं मिल पा रहा है। शहर के 40 वार्डों में से सदर उत्तर वार्ड का जिम ऐसा जिम है जहां सभी प्रकार की सुविधाओं के अलावा चार ए.सी लगे हुए हैं। इस जिम का संचालन पहले नगर निगम की ओर से किया जा रहा था। बाद में समिति बनाने के लिए निर्देश जारी कर लाइट बंद कर दिया गया। तीन माह से विद्युत बंद होने से जिम में फिटनेस के लिए पहुंचने वाले युवाओं को अन्य संसाधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है। वार्ड के इस जिम के संचालन के लिए समिति बनाने के लिए कहा गया। जिम के देखरेख के लिए वार्ड के एक युवक को पांच हजार रूपए मानदेय पर रखा गया है। जो जिम का पूरा कामकाज और ट्रेनर के रूप में कार्य करता है। जिम में तीन माह पहले 40-50 युवा कसरत करने के लिए आते थे जिसमें से 20 लोग ही फीस जमा करते रहे। बाकी लोग फ्री में सेवा लेते रहे। मेटनेंस के लिए राशि पहले निगम से मिलती थी, अब नहीं मिल रही है।
वार्ड के पूर्व पार्षद नीलेश लुनिया ने बताया कि वर्ष 2018 में सांसद, महापौर, पार्षद मद से इस जिम को सर्वसुविधायुक्त बनाया गया जो पूरे शहर के जिम से अलग है। छोटे तबके के युवा महंगे प्रायवेट जिम में नहीं जा पाते। उनके लिए यह जिम वरदान साबित हो रहा है। जिम में लैक पुल, डाउन ट्रेड, मिल सायकिल, बाईसेफ ट्रायसेफ समेत अन्य सामग्री उपलब्ध है। तीन माह से विद्युत लाइट निगम ने विच्छेद करा दिया गया है। जिसके कारण जिम बंद है। समिति बनाने का काम चल रहा है। पार्षद नीलु डागा स्वयं निगम में जाकर नए मीटर लगाने के लिए एनओसी की मांग कर चुकी हैं। लेकिन निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ट्रेनर सागर मत्स्यपाल ने बताया कि समिति बनाकर जिम संचालन के लिए 10 युवक तैयार किए गए है। 300 रूपए शुल्क लेकर आगे संचालन करेंगे। इस मामले में वार्ड पार्षद नीलू डागा का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।