आवारा पशुओं के लिए गौठान में कोई व्यवस्था नहीं : विनय गुप्ता

Posted On:- 2022-05-12



भैयाथान (वीएनएस)। राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना गौठान भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है अधिकारी इस योजना को पलीता लगाने में पीछे नहीं हैं। जबकि प्रदेश के मुखिया गौठान को अव्वल व श्रेष्ठ बताने में जुटे हैं।

मिली जानकारी अनुसार विकासखंड भैयाथान अंतर्गत कुल 78 पंचायतें हैं जिसमें 56 गौठान संचालित है और 18 गौठान मॉडल हैं। जबकि कई गौठानो में तो आज तक गोबर खरीदी प्रारंभ नही हुई है। अगर कुछ गौठानों को छोड़ दें तो शेष गौठानो की स्थिति बद से बदतर है। गौठानों में न तो नियमित रूप से गोबर खरीदी हो रही है न हीं वर्मी कंपोस्ट बनाया जा रहा है। जिससे समूह की महिलाओं को कोई लाभ नहीं हो रहा है। गौठानों में तो मवेशियों को चारा भी नसीब नहीं है जबकि शासन की मंशा है कि मवेशीयों के लिए समुचित व्यवस्था हो लेकिन न तो वहां चारा है नहीं चरवाहा और नहीं मवेशी वहां जाते है बल्कि मवेशी सड़क पर बैठे नजर आते हैं और दिन में किसानों के फसलों को चट कर जाते हैं। कई गौठानों में तो ताला बंद है कभी ताला खुला ही नहीं है बल्कि सिर्फ शो पिस बने हुए है जिन गौठानों में संसाधन है तो देखने वाला कोई नहीं है।

कई गौठान भगवान भरोसे : ब्लॉक मुख्यालय के ग्राम पंचायत भैयाथान अंतर्गत गौठान आज भी निर्माणाधीन है जबकि जनपद पंचायत के नाक के नीचे होने के बाद भी निर्माण में इतना देरी कई सवालों को जन्म देता है जबकि योजना चालू हुए लगभग 3 वर्ष बीत गए हैं जनपद के आंख के नीचे पंचायतों के गौठान आज तक पूर्ण नहीं हुए। मॉडल गौठान के रूप में सत्यनगर, अनरोखा, सुंदरपुर, जूर में अधिकारीयों का भ्रमण कराकर योजना का इतिश्री कर लेते हैं। शेष गौठान आज भी भगवान भरोसे हैं।

इस संबंध में जनपद के सीईओ विनय गुप्ता ने कहा कि गौठान में ताला बंद की जानकारी आप से मिली है हो सकता है निर्माणाधीन होने के कारण ऐसे गौठानों में चरवाहा नहीं रहते हैं इसलिए ताला बंद हो सकता है। आवारा पशुओं के लिए गौठान में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।