आदर्श ग्राम पंचायतों में स्कूली बच्चों के लिए समर कैंप

Posted On:- 2022-05-12



दंतेवाड़ा (वीएनएस)। कलेक्टर सोनी के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में जिला प्रशासन के माध्यम से 37 आदर्श ग्राम पंचायतों में ग्रीष्मकालीन समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने व नये-नये गतिविधियों से रूबरू करना है। ग्रीष्म काल में बच्चों को शिक्षा एवं नवाचार से जोड़कर रखने के लिए समर कैंप के माध्यम से गायन, वादन, नृत्य, अंग्रेजी कौशल, गणितीय कौशल, चित्रकारी, मिट्टी के खिलौने बनाना, मेहंदी जैसे विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है।

जिला पंचायत सीईओ आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग की टीम की ओर से समर कैंप के आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन व स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जिले के आदर्श ग्राम पंचायतों में समर कैंप के सफल आयोजन के लिए जिला/विकासखंड/संकुल व शाला स्तर तक नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है।

नोडल अधिकारी की ओर से समर कैंप की सतत मॉनिटरिंग कर समर कैंप में बच्चों की आवश्यकता व नवाचार सिखाई जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कर्मा ने बताया की समर कैंप के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है, सामान्यत: शहरी क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन होते है, किंतु पहली बार कलेक्टर सोनी के निर्देशन में ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे है। जिला मिशन समन्वयक एस.एल. सोरी ने बताया कि इससे हमारे जिले के बच्चों में नवाचार सहित आगे बढ़ने की भावना उत्पन्न होगी ग्रामीण क्षेत्रो में काफी बेहतर ढंग से समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है और बच्चे भी बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे है।