दंतेवाड़ा (वीएनएस)। कलेक्टर सोनी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी विकासखंड के सचिवों की बैठक ली। उन्होंने पंचायतवार पूर्ण, प्रगतिरत गौठान, चारागाह निर्माण व जल उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने सचिवों को नरवा, गरुवा, घुरुवा व बाड़ी योजना के तहत अपूर्ण गौठानो को पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए।
कलेक्टर सोनी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी गौठान मापदंड के आधार पर हो। पशुओं के लिए पानी, चारे की समुचित व्यवस्था हो। प्रत्येक 15 दिवस के भीतर गौठान प्रबंधन समिति की बैठक हो। साथ ही नियमित पंजी संधारण करते रहें। गोधन न्याय योजना एवं वर्मी कंपोस्ट का भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी गौठानों को क्रियाशील करने निर्देश दिए। सभी गौठानो में चल रहे बहुउद्देश्यीय गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सुचारू रूप से संचालित करने निर्देशित किया। जिले के सभी ग्राम पंचायतों में बने देवगुड़ियों मे सतरंगी सूत्रों के पालन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर सोनी ने कहा कि कही भी नरेगा भुगतान लंबित न हो। पूनामाड़ाकल दंतेवाड़ा अंतर्गत आजीविका से संबंधित लोगों को मिले रोजगार के सबंध में जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे, सहायक आयुक्त डॉ. आनंद सिंह, सहित अधीक्षक, सचिव उपस्थित थे।