कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र व आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-05-13



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे और पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर ने आज डौण्डी विकासखंड के ग्राम घोटिया में उप स्वास्थ्य केन्द्र व आंगनबाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र में निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई व दवाईयों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मौसमी बिमारियों से संबंधित दवाईयॉ तथा एंटी स्नेक वेनम व एंटी डॉग बाइट्स संबंधी दवाईयां उपलब्ध रहे। डॉक्टर नियमित रूप से स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित रहें। ग्रामीणों की ओर से स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ डॉक्टर की शिकायत भी की गई।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र पहुॅचकर बच्चों की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर, उन्हें सुपोषित करने पोषण पुनर्वास केन्द्र डौण्डी भेजें। आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के खेल गतिविधियों में विशेष ध्यान दें। गर्भवती और शिशुवती माताओं को नियमित रूप से गरम भोजन प्रदान करें तथा उनका स्वास्थ्य जॉच कराएॅ। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र भवन में आवश्यक मरम्मत कार्य हेतु प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय में ग्रामवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएॅ सुनी। उन्होंने ग्रामीणों की पेयजल व विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने वहां धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों की जानकारी ली और ज्यादा से ज्यादा किसानों को धान के बदले अन्य फसल लेने प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर एस.डी.एम. मनोज कुमार मरकाम आदि उपस्थित थे।