केशकाल (वीएनएस)। केशकाल विधायक सन्तराम नेताम इन दिनों लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। साथ ही अपने केशकाल स्थित निवास कार्यालय में भी प्रतिदिन जनचौपाल लगाकर आम जनता से मुखातिब होकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। जहां केशकाल, बडेराजपुर एवं फरसगांव विकासखंड के अलग अलग ग्रामों के लोग अलसुबह विधायक निवास आकर अपनी समस्याओं व मांगो से विधायक को अवगत करवाते हैं। विधायक भी इन मांगों को बड़ी ही संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लेते हुए तत्काल सम्बंधित अधिकारियों से बातचीत कर त्वरित निराकरण भी कर रहे हैं।
आपको बता दें कि विधायक ने इन दिनों अपनी एक दिनचर्या तय कर ली है, जिसके तहत सुबह 8 बजे से 12 बजे तक वह अपने निवास कार्यालय में ही चौपाल लगाकर लोगों से मुलाकात करते हैं। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से देर शाम तक क्षेत्र के अलग अलग गांव में जाकर जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से गांव वालों की समस्याएं सुनते हैं। साथ ही सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होते हैं। विधायक द्वारा इस सकारात्मक अंदाज में लोगों से मिलना और उनकी समस्याओं का निराकरण करने से समूचे क्षेत्र की जनता काफी खुश है।
वही विधायक संतराम नेताम ने बताया कि जनता ने ही मुझे विधायक के रूप में चुना है इसलिए मेरा कर्तव्य बनता है कि मैं अपने क्षेत्र की जनता के सुख और दुख दोनों ही कार्यों में उनके साथ खड़ा रहूं। चाहे किसी के घर की शादी हो या फिर शोक कार्यक्रम, यदि मैं केशकाल में मौजूद हूँ तो मेरा पूरा प्रयास रहता है कि मैं वहां जाकर शामिल हो सकता हूँ। जब ग्रमीण अंचलों में हमारे कार्यकर्ता और जनता द्वारा मुझे मांदरी व डीजे के धुन के बीच डांस करने के लिए कहते है तो मैं स्वयं को रोक नही पाता, यही कारण है कि हमारे युवा वर्ग में भारी उत्साह बना रहता है। मेरा प्रयास है कि मैं अपने क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच कर उनकी समस्याओं और मांगों को पूरा करूँ ताकि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ जन जन तक पहुंचाया जा सके।