उत्तरी कश्मीर में दो आतंकी ढेर, आपरेशन जारी

Posted On:- 2022-05-13



जम्मू (वीएनएस)। उत्तर कश्मीर के बांडीपोरा जिले के बरार अरागाम इलाके में शुक्रवार दोपहर बाद आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। अभी तक इस मुठभेड़ में दो आतंकी मारे जा चुके हैं। मारे गए आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित थे। आपरेशन अभी जारी है। रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों से घिरे वही पाकिस्तानी आतंकी हैं, जिन्होंने हाल ही में घुसपैठ की थी और बुधवार को सालिंदर वन क्षेत्र में आतंक विरोधी अभियान से बच कर भाग निकले थे। उनकी तलाश की जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों को बांडीपोरा के बरार अरागाम इलाके में कुछ आतंकी की मौजूदगी की सूचना मिली। संभवत: वह किसी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे। उनकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से उस स्थान की घेराबंदी शुरू कर दी, जहां आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली। सुरक्षा बलों का घेरा मजबूत होते देख छिपे आतंकी बौखलाहट में फायरिंग शुरू कर दी।

सुरक्षा बलों ने पहले आतंकियों को बाहर निकल आने का मौका दिया, लेकिन इस प्रस्ताव को मानने से आतंकी इन्कार करते हुए सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर फायरिंग करते रहे, उसके बाद सुरक्षा बलों ने भी करारा प्रहार शुरू कर दिया। अभी तक कुल दो आतंकी ढेर हो चुके हैं। एक आतंकी अभी और बचे हो सकते हैं। लिहाजा आपरेशन अभी जारी है। सुरक्षा बाल के जवान मुठभेड़ स्थल से स्थानीय लोगों को हटा कर आतंकियों को करा जवाब दे रहे हैं। किसी को भी जाने-आने नहीं दिया जा रहा है। बता दें कि घाटी में आतंक से तबाह हो चुके लोग सुरक्षा बलों का भरपूर सहयोग कर रहे हैं, जिसकी वजह से आतंकियों के खिलाफ आपरेशन में काफी मदद मिल रही है और कश्मीर के हालात धीरे-धीरे सुधरते जा रहे हैं।