विलुप्त हो रही बड़ों को प्रणाम करने की परंपरा : नेत्रानंद दुबे

Posted On:- 2022-05-13



खरसिया (वीएनएस)। पुरानी बस्ती में जीवनलाल दुर्गाबाई द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह में कथावाचक पंडित नेत्रानंद दुबे ने कहा कि हम अपनी सनातन परंपराओं को भूलते चले जा रहे हैं। वहीं नए चाल चलन को स्वीकार कर रहे हैं, जबकि सनातन धर्म के लिए उन संस्कारों के रोपा जाता है, जो व्यक्ति को बल बुद्धि विद्या तथा यश की प्राप्ति कराते हैं।

कथाचार्य पंडित नेत्रानंद दुबे ने कहा कि आजकल के युवा प्रणाम करने की परंपराओं को भूल चुके हैं। जिसका प्रमुख कारण उनके माता-पिता ही हैं। यदि माता-पिता स्वयं ब्राह्मण एवं गुरुजनों को प्रणाम करें तो उनके बाल-बच्चे स्वमेव इस संस्कार को प्राप्त कर लेते हैं। बड़ों को प्रणाम करने एवं उनके आशीर्वचनों से आयु विद्या बल और यश की प्राप्ति होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदलाव कहीं और से नहीं आता, यदि हम अपने कुसंस्कारों को और अपनी आदतों को बदल लेंगे तो अपने आप ही परिवार-जनों को हम श्रेष्ठ संस्कार दे पाएंगे।

यह धार्मिक अनुष्ठान प्रतिदिन विशेष रूप से अंचल के प्रसिद्ध ज्योतिष पंडित कान्हा शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार से प्रारंभ होता है। भागवत ज्ञान यज्ञ के आचार्य पंडित गोलू महाराज हैं। वहीं वैदिक कर्मकांड गंगादास वैष्णव ने संपन्न किया जा रहा है तथा कथा को सुमधुर भजनों एवं संगीत से सजाने के लिए ताराचंद यादव, टीलेश पटेल, शिव मांझी, पप्पू डनसेना, रोशन यादव आदि का योगदान है।