मुंडका अग्निकांड में अब तक 27 की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश...

Posted On:- 2022-05-14



नई दिल्ली (वीएनएस)। नई दिल्ली के मुंडका इलाके में शुक्रवार शाम एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई। 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या 12 बताई गई है। हादसे में दमकल विभाग के दो कर्मियों की भी मौत हुई है। कई लोग अभी भी इमारत में फंसे हुए हैं। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश जारी है।

घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंचीं दमकल की 30 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर संवेदना व्यक्त की है। देर रात आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन अभी भी धुएं के गुबार और मलबे में लापता लोगों की तलाश जारी हैं। दमकल विभाग के अधिकारी सतपाल बारद्वाज ने बताया कि कोई और शव नहीं मिला है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुंडका अग्निकांड की जानकारी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। करीब 10 मिनट तक तक वह अधिकारी व पीड़ितों से बात करते रहें। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने मुंडका अग्निकांड हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच कराने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, मेयर व अन्य विभागों के कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

इमारत में कई कंपनियों का कार्यालय और फैक्टरी है। आग लगने के बाद इन कार्यालय में काम करने वाले काफी लोग इमारत में फंस गए। हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे और जो घायल हुए हैं उन्हें 50 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी ट्वीट में यह जानकारी दी गई है।

हादसे के बाद देर रात बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने बताया कि 27 लोगों की मौत हो गई है और 12 घायल हो गए हैं। हम शवों की पहचान के लिए फोरेंसिक टीम की मदद लेंगे। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमने कंपनी मालिकों को हिरासत में लिया है। आशंका है कि और शव बरामद किए जा सकते हैं क्योंकि बचाव अभियान अभी पूरा नहीं हुआ है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आग इमारत की पहली मंजिल से शुरू हुई। जहां पर सीसीटीवी कैमरों और राउटर निर्माण कंपनी का कार्यालय है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4.45 बजे मुंडका के तीन मंजिला व्यवसायिक इमारत में आग लगने की जानकारी मिली। इस इमारत में कई कंपनियों के कार्यालय हैं। आग लगने के दौरान इन कार्यालय में काफी लोग मौजूद थे। कुछ ने आग लगते ही वहां से भागने की कोशिश की लेकिन ज्यादातर लोग आग में फंस गए।

जांच के दौरान पता चला है कि घटना के समय तीसरी मंजिल पर एक कंपनी की बैठक चल रही थी। लोगों के मुताबिक बैठक में काफी लोग मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के बाद कुछ लोग वहां फंस गए थे। बताया जा रहा है कि बैठक में शामिल कुछ लोग लापता भी हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इमारत से कई शव मिल सकते हैं। दमकल विभाग की टीम आग बुझाने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। फिलहाल दमकल विभाग आग पर काबू पाने में जुटी है। पुलिस ने इस कंपनी के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।