जांजगीर (वीएनएस)। शिक्षा के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना" को साकार करने के लिए सूर्याश शिक्षा उत्थान समिति" द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में समिति द्वारा एक माह का ग्रीष्मकालीन आवासीय मार्गदर्शन शिविर" का आयोजन किया जा रहा है जिसमें गणित,अंग्रेजी, विज्ञान सहित सभी विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर व तकनीकी शिक्षा प्राप्त बेरोजगारों को शासकीय एवं निजी सेवा में रोजगार प्रदान करने के लिए निरंतर तैयारी के साथ साथ प्रत्येक रविवार को पृथक से विशेष मार्गदर्शन शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रो। गोवर्धन सूर्यवंशी ने बताया कि ग्रीष्म कालीन आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ प्रातः 11 बजे किया जाएगा। 15 मई से 15 जून तक आयोजित एक माह के प्रशिक्षण में संस्थान द्वारा आवास एवं प्रशिक्षक की व्यवस्था किया जायेगा। प्रतिभागियों को भोजन का खर्च एवं अन्य दैनिक उपयोगी वस्तुओं का खर्च स्वयं वहन करना होगा। सूर्यांश इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित आवासीय प्रशिक्षण शिविर में सम्मिलित छात्र-छात्राओं के साथ आस-पास के विद्यार्थी भी इसमें सहभागिता कर सकते हैं।