बीजापुर (वीएनएस)। संचालक कृषि व जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा प्रभारी सचिव जिला बीजापुर यशवंत कुमार ने आज जिले के उसूर ब्लाक मुख्यालय आवापल्ली में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल सहित तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने इस दौरान पुलिस थाना का भी जायजा लिया।
प्रभारी सचिव यशवंत कुमार ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल आवापल्ली के अध्यापन कक्षों, प्रयोगशाला आदि का निरीक्षण कर शिक्षकों की व्यवस्था, शैक्षणिक सत्र 2022-23 के तहत् बच्चों का प्रवेश के बारे में जानकारी ली। वहीं तहसील कार्यालय आवापल्ली में रीडर शाखा, कानूनगो शाखा, स्थापना शाखा, नायब नाजिर शाखा का निरीक्षण कर नामांतरण-बंटवारा, सीमांकन प्रकरणों के निराकरण स्थिति की जानकारी ली और जाति-निवास प्रमाण पत्र प्रदाय संबंधी लंबित आवेदन पत्रों का शीघ्र निराकरण किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने के लिए राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण किये जाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा, पुलिस अधीक्षक ए. वार्ष्णेय, डीएफओ अशोक पटेल, सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।