शिक्षा के नए सेटअप में संस्कृत भाषा के पद को समाप्त करना भारतीय संस्कृति के साथ खिलवाड़ : टिकेश

Posted On:- 2022-05-14



रायगढ़ (वीएनएस)। खरसिया पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष टिकेश डनसेना ने कहा छत्तीसगढ़ में जबसे भूपेश बघेल की सरकार बनी है तब से शिक्षा के क्षेत्र में बहुत सारे अमूल चल परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। जिससे भारतीय संस्कृति और यहां की मूल शिक्षा को बदला जा रहा है और मैकाले की शिक्षा नीति के रास्ते पर छत्तीसगढ़ के शिक्षा को ले जाया जा रहा है । जो काम अंग्रेजों ने नहीं किया वह काम यह भूपेश सरकार कर रही है उपरोक्त बातें शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से छात्र राजनीति से ताल्लुक रखने वाले भाजपा किसान नेता टिकेश डनसेना ने कही।

नए सेटअप के नाम पर दुनिया की सबसे पुरानी और वैज्ञानिक भाषा संस्कृत को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है,उन वेदो के संस्कृत भाषा को समाप्त करने का प्रयास भूपेश बघेल की सरकार कर रही है।  जिसके 1200 स्कूल व 14 यूनिवर्सिटी अकेले जर्मनी में है जिसे हम सब इंजीनियरिंग हब मानते हैं।

इस नए सेटअप के तहत बहुत ज्यादा स्कूलों से संस्कृत के पद समाप्त कर दिए जाएंगे जिससे देश में संस्कृत से भारतीय लोगों की दूरी बढ़ेगी और भारतीय वेद उपनिषद और सभी पुराण जो संस्कृत में है के ज्ञान से भारतीयों को दूर किया जा सके वही काम अंग्रेजी शासन काल के समय में मैकाले की शिक्षा नीति ने किया था जिसका परिणाम हम सब आज तक भुगत रहे हैं संस्कृत के पदों को समाप्त करने से हजारों ऐसे छात्र जो संस्कृत से ग्रेजुएट पोस्टग्रेजुएट हुए हैं उनको शिक्षक की नौकरी तक से दूर किया जा रहा है एवं जो पदस्थ हैं उनको हटाने की एक व्यवस्था बनाई जा रही है। कितने दुर्भाग्य की बात है कि पूरी दुनिया संस्कृत को सबसे वैज्ञानिक और कंप्यूटर में उपयोग के लिए सबसे उपयुक्त और प्रभावी भाषा मानती है ।

नासा ने तो संस्कृत को कंप्यूटर शिक्षा के लिए अपनी पहली पसंद बताया है जब दुनिया की सबसे बड़ी एवं प्रगतिशील अनुसंधान संस्थान नाशा जिसको बढ़ावा देना चाहती हैं उस विषय को छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार स्कूल से समाप्त करने का प्रयास कर रही है एवं उस संबंध में नया सेटअप जारी किया जा रहा है भारतीय संस्कृति एवं यहां के स्वाभिमान को समाप्त करने का काम किया जा रहा है। यह हमारे शिक्षा नीति पर कोई पहला आक्रमण नहीं है इससे पहले भी भूपेश सरकार 250 हिंदी मीडियम के बड़े एवं महत्वपूर्ण स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम में बदलकर उन स्कूलों की भारतीय संस्कृति को समाप्त कर इटली संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

रायगढ़ की शान रायगढ़ के धरोहर रायगढ़ को एक अलग पहचान देने वाला नटवर स्कूल को भी आत्मानंद स्कूल के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। नटवर स्कूल के वजूद को बचाने के लिए रायगढ़ संघर्ष मोर्चा के लोग प्रयासरत है। अंग्रेजी माध्यम का अपना एक अलग महत्व है परंतु मातृभाषा के विद्यालयों को बंद कर अंग्रेजी माध्यम खोलना उचित नहीं है। अंग्रेजी माध्यम से भी जिस तरह मध्य प्रदेश में पूरी तरह अलग स्कूल खोले जा रहे है उसी तरह यहां भी खोला जाना था परंतु मातृभाषा हिंदी सबसे पुरानी भाषा संस्कृत को नष्ट कर पाश्चात्य अंग्रेजी भाषा को स्थापित करने का प्रयास भुपेश सरकार ने किया जा रहा है। हम संस्कृत भाषा के अध्यापन को बंद करने एवं पद समाप्त करने का विरोध करते हैं और शासन से मांग करते हैं कि तत्काल पूर्व की भांति संस्कृत भाषा के पद यथावत रखे जाएं, अन्यथा यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ होगा जिसका भारतीय जनता पार्टी पूर्ण रूप से विरोध करती है।