बड़ी खबर : आधा दर्जन दुकानें खाक, ब्लास्ट में सिपाही, 2 फायरकर्मी घायल...

Posted On:- 2022-05-15



बलौदाबाजार (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में रविवार तड़के आधा दर्जन दुकानों में आग लग गई। सभी दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस दौरान सूचना मिलने पर पहुंचा पुलिस कांस्टेबल और दो फायरकर्मी भी घायल हुए हैं। आगजनी के दौरान फ़ायरफाइटिंग के दौरान दुकान में जोरदार ब्लास्ट हुआ, इस ब्लास्ट में कांस्टेबल का जबड़ा और अंगुली अलग हो गया। उसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है। दमकल कर्मियों को भी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसा कसडोल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, नगर पालिका के पास ही गैस वेल्डिंग की दुकान है। रविवार तड़के करीब 3 बजे दुकान में आग लग गई। उसने आसपास की भी आधा दर्जन दुकानों को चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायरकर्मी मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने के दौरान एक दुकान में अचानक ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आकर पुलिस कांस्टेबल जीवन पाटले गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि इस दौरान दो फायरकर्मी भी झुलस गए हैं। उन्हें कसडोल के स्वास्थ्य केंद्र मे भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी आशीष राजपूत ने बताया कि दुकान में रखे सिलेंडर में विस्फोट होने की आशंका है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। यह भी सामने नहीं आ सका है कि किस-किस की दुकानों में आग लगी थी। फिलहाल सारी दुकानें खाक हो गई हैं। हादसे को लेकर जांच की जा रही है।