कबीरधाम, पण्डरिया में तहसील लोक अदालत में 1050 प्रकरणों का हुआ निबटारा

Posted On:- 2022-05-15



कवर्धा (वीएनएस)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मई को छत्तीसगढ़ में तालुका से लेकर उच्च न्यायालय स्तर तक सभी न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसी अनुक्रम में कबीरधाम जिला एवं पण्डरिया तहसील स्तर में जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीता यादव के दिशा-निर्देश में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।

जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कबीरधाम द्वारा उक्त लोक अदालत का शुभारंभ विद्या की किया। इस लोक अदालत में राजीनामा योग्य समस्त प्रकृति के प्रकरण रखे गए थे, जिनमें से 1050 प्रकरणों का निराकरण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के प्रकरणों में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कुल 11 प्रकरण का निराकरण करते हुए 33 लाख 90 हजार रुपए की अवार्ड राशि और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश लवकेश प्रताप सिंह बघेल ने 01 प्रकरण में 6 लाख रुपए की अवार्ड राशि पारित की। इसके अतिरिक्त कुटुम्ब न्यायालय में कुल 26 प्रकरणों का निराकरण किया गया।

राजस्व न्यायालय में कुल 2542 प्रकरणों का निराकरण हुआ। इसी प्रकार नगर पालिका, कबीरधाम द्वारा कुल 35 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 3 लाख 9 हजार 739 रुपए की वसूली की गई। कुल 03 सिविल प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। इस लोक अदालत में इस प्रकार एक ही दिन में न्यायालय में लंबित 1100 सहित कुल 3600 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। सचिव अमित प्रताप चन्द्रा, द्वारा उक्त जानकारी दी गई। लोक अदालत के दौरान वर्चुअल मोड अर्थात् विडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी प्रकरणों का निराकरण किया गया।

नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय में कुल 09 खण्डपीठ गठित की गई थी। उक्त लोक अदालत के सफल आयोजन के अनुक्रम में समस्त न्यायालयीन कर्मचारीगण, जिला प्रशासन सहित अन्य समस्त विभागों का भरपूर सहयोग रहा है। नगर पालिका तथा पुलिस विभाग द्वारा भी प्राधिकरण को सहयोग किया गया है।