खरसिया (वीएनएस)। विभिन्न ग्रामों में जन चौपाल के लिए शामिल होने आई सांसद गोमती साय को भाजपा युवा नेता जयप्रकाश डनसेना ने ज्ञापन सौंपकर ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से राष्ट्रीय राजमार्ग के घटिया निर्माण की शिकायत की।जिसकी प्रतिलिपि नितिन गड़करी सड़क और परिवहन मंत्री भारत सरकार और मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ को भी भेजी गई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 49 बिलासपुर-रायगढ़ में ठेकेदार और अधिकारियों की मिलिभगत से गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य करते हुए राजमार्ग का निर्माण किया गया है।
जिससे आये दिन दुर्घटनाओं के मामले सामने आ रहे हैं। बीती रात भी इस मार्ग पर ट्रेलर और पिकअप की भीषण टक्कर हुई, जिसमें एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ऐसा शायद ही कोई दिन हो कि इस सड़क में दुर्घटना न हो रही हो। इस राजमार्ग के घटिया निर्माण का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं अधिकारी अपनी अंटियों को संभालते एयर कंडीशन में मौन बैठे हैं।
निर्माण के दौरान गुणवत्ता पर उठे थे सवाल : क्षेत्रवासियों ने घटिया निर्माण को देखकर संबंधित अधिकारियों से इस बाबत शिकायत भी की थी परंतु धापे बैठे अधिकारियों को यह बात सुनाई नहीं पड़ी। लिहाजा सड़कों के बीचों बीच दरार, पुल के पास जम्पिंग, बोतल्दा अटल रॉक गार्डन के पास पुराना पीडब्लूडी पुल और राष्ट्रीय राज्य मार्ग पुल दो भाग में बंट जाने के कारण कई मर्तबा दुर्घटनाएं घट चुकी हैं। रायगढ़ सांसद गोमती साए से ज्ञापन सौंपकर निवेदन किया गया है कि निर्माण कार्य की पुनःजांच करवाकर दोषी अधिकारी और ठेकेदारों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जावे अन्यथा क्षेत्र की जनता उग्र आन्दोलन करने के लिए बाध्य होगी।