विधायक व कलेक्टर की उपस्थिति में हुआ खंड स्तरीय जन चौपाल का आयोजन

Posted On:- 2022-05-16



जशपुरनगर (वीएनएस)। विधायक पत्थलगांव रामपुकार सिंह व कलेक्टर अग्रवाल की उपस्थिति में बगीचा विकासखंड के महादेवडांड में खंड स्तरीय जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक रामपुकार सिंह व कलेक्टर अग्रवाल की ओर से उपस्थित सभी ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि शासन निरंतर लोगों की परेशानियों को दूर करने व उन्हें आगे बढ़ाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजना संचालित की जा रही है। जिससे समाज के हर वर्ग का व्यक्ति योजना से लाभान्वित हो सके। उन्होंने सभी ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान विधायक व कलेक्टर की ओर से ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई व ग्रामीणों की परेशानियों को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने ग्रामीणों के पेयजल, विभिन्न प्रकार के पेंशन भुगतान, राजस्व प्रकरण जैसे अन्य समस्याओं के त्वरित निराकरण करने केलिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी सहित अनेक विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए स्टॉल लगाया गया। जहां ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से सुनते हुए उन्हें योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान कर योजना का लाभ लेने केलिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्रियों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर एसडीएम विजय प्रताप खेस्स, जनपद सीईओ विनोद सिंह, तहसीलदार अविनाश चौहान सहित जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।