भालू के हमले में ग्रामीण की मौत...

Posted On:- 2022-05-16



बिलासपुर (वीएनएस)। अचानकमार टाइगर रिजर्व में तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रविवार को शिवतराई बीट के कुरदुर इलाके में जवाहर बैगा कुछ ग्रामीणों के साथ तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए गया था। कुछ आगे बढक़र वह पहाड़ की तरफ चढ़ गया। इसी बीच झाडिय़ों में छिपे एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। पहाड़ के नीचे तेंदूपत्ता तोड़ रहे ग्रामीण अपनी जान बचाकर भागे, मगर जवाहर को भालू ने दबोच लिया। वन विभाग के कर्मचारी सूचना मिलने पर वहां पहुंचे तो पाया कि जवाहर की मौत हो चुकी है। क्षेत्र में कुछ दिनों से भालू के विचरण की सूचना थी। गांव वालों को खुद जवाहर ने पहाड़ की तरफ जाने के लिए मना किया था लेकिन वह खुद ही भालू का शिकार बन गया। कोटा पुलिस ने मर्ग कायम किया है। वन विभाग परिजनों को मुआवजा दे रहा है। 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता भी दी गई है।