लोकल ट्रेने रद्द होने से बढ़ी यात्रियों की परेशानी, ज्यादा पैसे खर्च कर एक्सप्रेस में सफर करने को मजबूर

Posted On:- 2022-05-16



रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को इन दिनों दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या लोकल ट्रेने रद्द होने से हुई है। क्योंकि एक तरफ तो पैसेंजर ट्रेने रद्द है वहीँ काउंटर से टिकट भी नहीं मिल रहा है। तो वही भरी महंगाई में ट्रेन का किराया भी बढ़ गया है। पैसेंजर ट्रेन न मिलने से यात्री 3 गुने महंगे किराए पर एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा करने को मजबूर हैं और काउंटर की जगह आरक्षण में यात्रियों की भीड़ लग रही है। लोगों को ऑनलाइन टिकट लेने के बावजूद बहुत इंतजार करना पड़ रहा है।

दरअसल रेलवे ने बिलासपुर से डोंगरगढ़ के बीच चलने वाली 4 पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी हैं. मेमू बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग को कवर करती हैं लेकिन मेमू पिछले 10 दिनों से कैंसिल है। इस रूट पर सर्वाधिक यात्री सफर करते हैं। इसके अलावा डोंगरगढ़ में बमलेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए यात्री इसी मेमू से सफर करते हैं।

इन ट्रेनों को किया गया रद्द रायपुर से रोज सुबह 8:30 बजे छूटने वाली डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल(08705) 5 मई से 24 मई तक के लिए रद्द है। इस ट्रेन से यात्री 2 घंटे में डोंगरगढ़ पहुंच जाते थे, और उन्हें किराया भी कम लगता था। डोंगरगढ़ से बिलासपुर तक चलने वाली डोंगरगढ़- रायपुर- बिलासपुर मेमू (08706) पैसेंजर स्पेशल भी 5 मई से 24 मई तक कैंसिल है। ये ट्रेन रोज सुबह 11:40 बजे डोंगरगढ़ से बिलासपुर के लिए रवाना होती थी। लिहाजा मज़बूरी में अब यात्रियों को महंगे दामों पर एक्सप्रेस की टिकट लेकर सफर करना पड़ रहा है। रायपुर से डोंगरगढ़ के लिए रोज शाम 5:20 को छूटने वाली रायपुर - डोंगरगढ़- मेमू पैसेंजर स्पेशल (08709) ट्रेन भी 5 मई से 23 मई तक कैंसिल है। इसके अलावा डोंगागढ़ से रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी 6 मई से 24 मई तक रद्द है।