कोरबा (वीएनएस)। कला और जीवन का बहुत घनिष्ठ संबंध है । कला के विकास का उद्देश्य कभी आत्मानुभूति होता है तो कभी आनंद और विनोद । कला के माध्यम से हम अपनी कल्पनाओं को एक नया रूप देकर साकार करने का प्रयास करते हैं।
वर्षभर की पढ़ाई खत्म होने के पश्चात बच्चों को बोरियत को खत्म करने और बच्चों को व्यस्त रखने के लिए सबसे महत्वपूर्ण गतिविधि है आर्ट एण्ड क्राफ्ट एक्टिविटी। बच्चे इस एक्टिविटी को बहुत एंजॉय करते हैं जो उनके सर्वांगीण विकास में भी योगदान देते हैं। आर्ट एण्ड क्राफ्ट एक्टिविटीज जहाँ बच्चों में एकाग्रता बढ़ाती है वहीं उनके मानसिक विकास में भी बहुत योगदान करते हैं। आर्ट एण्ड क्रॉफ्ट एक्टिविटी से बच्चों में सोचने की क्षमता का विकास होता है। बच्चे किसी भी विषय के बारे में गंभीरता से सोचकर उसे मूर्तरूप देकर अपनी रचनात्मकता व सृजनात्मकता का विकास करते है।
इंडस पब्लिक स्कूल दीपका में विगत 20 दिनों से संचालित समर-कैंप का रंगारंग समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शिशिर कुमार गुप्ता, डी.आई.जी., सीआईएसएफ उपस्थित थे।सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत की। विद्यालय की छात्राओं ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को तिलक लगाकर एवं बैच लगाकर तथा गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया।
समर-कैंप में विगत 20 दिनों से निरंतर प्रशिक्षित विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक वेलकम डाँस की प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम का संचालन स्वाति सिंह एवं अंकिता रजक ने किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने श्रीवल्ली सांग पर डाँस किया । इस नयनाभिराम नृत्य का सभी ने भरपूर आनंद लिया। यूकेजी एवं एलकेजी के विद्यार्थियों ने छोटा बच्चा गीत पर बहुत फनी एवं मनोरंजक नृत्य किया। समर कैंप में पार्टिशिपेट करने वाले सभी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि और प्राचार्य ने प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। कक्षा तीसरी एवं कक्षा पाँचवी के छात्र-छात्राओं ने ऊर्जामय एवं आकर्षक सामूहिक नृत्य कर कार्यक्रम में जान डाल दी। कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों ने बहुत ही सुंदर सामूहिक गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में स्नेहा बंजारे के मार्गदर्शन में विगत बहुत दिनों से समर कैंप में सेल्फ डिफेंस में प्रशिक्षित विद्यार्थियों ने अपनी आत्मरक्षा की कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में आरना मिश्रा और हिमांशी ने शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। कक्षा सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों ने सालसा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि डॉ. शिशिर कुमार गुप्ता, डीआईजी, सीआईएसएफ ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में वर्षभर निरंतर पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियाँ भी संचालित होती रहती है। विद्यार्थियों को विद्यालय में सीखने का भरपूर अवसर मिलता है। इसमें कोई शक नहीं लेकिन परीक्षा परिणाम की घोषणा के पश्चात हम अगली कक्षा में कमर-कस कर जाने को तैयार रहते हैं वैसे ही यदि विद्यालय समर वैकेशन के पूर्व विद्यार्थियों के लिए समर-कैंप का आयोजन करती है तो विद्यार्थियों के लिए विभिन्न एक्टिविटी में खुद को तराशने का अच्छा अवसर भी उपलब्ध होता है । इससे विद्यार्थी स्वयं की प्रतिभा को स्वतंत्र रूप से बिना किसी दबाव के निखारने का प्रयास करते हैं। सभी विद्यार्थियों में प्रतिभा होती है जरूरत होती है उन्हें अवसर व दिशा देने की । इसमें कोई दो राय नहीं कि विद्यार्थियों को निखारने और तराशने का कार्य इंडस पब्लिक स्कूल दीपका में बेहतर किया जाता है।
प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि समर कैंप में निरंतर सिखाए जाने वाली अलग-अलग गतिविधियों से बच्चों को सीखने का अवसर तो मिलता ही है साथ ही उनके समय का भी सदुपयोग होता है । समर कैंप आमतौर पर गर्मियों के महीने में विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम को कहते हैं। आज इस प्रतिस्पर्धी माहौल में समर कैंप में विद्यार्थी अपनी इच्छानुसार गतिविधियों का चयनकर अपनी हुनर को आकार देने का कार्य करते हैं । कोई पेंटिंग, सेल्फ-डिफेंस, स्पोर्ट्स, डाँस, योगा, शूटिंग, टेक्सटाइल डिजाइनिंग, पर्सनालिटी डेवलपमेंट जैसी गतिविधियों में स्वयं को व्यस्त रखता है तो कोई हाइकिंग, कैनोइंग या कैम्प फायर ज्वाइन कर स्वयं को व्यस्त रखने का प्रयास करता है। समर कैंप में हम विभिन्न नवाचारों का प्रयोग कर शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावशाली बना सकते हैं । हम समर कैंप में बच्चों को स्वतंत्र रूप से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं । समर कैंप में विद्यार्थियों और शिक्षकों में बेहतर सह-संबंध स्थापित होता है ।