नई दिल्ली (वीएनएस)। केंद्र सरकार की तरफ से किसानों के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही है। सरकार ने किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चला रखी है। छोटे और सीमांत किसानों को लाभ देने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजाना की 11 किस्त आने वाली है। इस योजना के तहत साल में 6,000 रुपये किसानों को सरकार की ओर से दिए जाते हैं। ये रकम तीन किस्तों में किसानों के खाते में भेजी जाती है। अब तक 10 किस्तों की राशि किसानों की दी गई है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को मोदी सरकार ने साल 2019 में शुरू किया था। जैसा कि बताया गया कि हर चार महीने में किसानों को 2000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। इसे पाने के लिए किसानों के खाते की ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है। इसके अलावा सरकार की ओर से एक और बड़ा बदलाव किया गया है कि अब रजिस्ट्रेशन में राशन कार्ड नंबर देना जरूरी कर दिया गया है। ऐसा न करने वाले लाभार्थियों को इस योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 10वीं किस्त की राशि किसानों के खातों में बीती 1 जनवरी 2022 को ट्रांसफर की गई थी। किसान अब 11वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्र सरकार की इस योजना के तहत किसानों के खाते में 11वीं किस्त 31 मई तक ट्रांसफर की जा सकती है। अगर आपने अभी तक भी e-KYC नहीं कराया है तो जल्दी करा लीजिए।
ऐसे पूरी करें ई-केवाईसी प्रक्रिया
पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं।
पेज के दाईं ओर उपलब्ध eKYC विकल्प पर क्लिक करें।
आधार कार्ड नंबर, कैप्चा कोड दर्ज करें और सर्च पर क्लिक करें।
आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर दर्ज करें।
'गेट ओटीपी' पर क्लिक करें और ओटीपी दर्ज करें।
बता दें कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो e-KYC पूरी हो जाएगी वरना Invalid लिख कर आएगा। अगर ऐसा हुआ तो आपकी किस्त अटक सकती है।